नहीं रहे उप्र एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी

पूर्व राज्यपाल और उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी का आज लंबी बीमारी के बाद 93 साल की उम्र में निधन हो गया। आज गुरुवार 18 अक्टूबर को उनका जन्मदिन भी था। उन्होंने दिल्ली साकेत स्थित मैक्स अस्पताल में अंतिम सांस ली। हाल ही में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने ट्वीट कर एनडी तिवारी के मौत की पुष्टि की। उनके बेटे शेखर तिवारी ने बताया कि उनकी किडनी फेल हो चुकी थी. इसके अलावा उनके पेट में संक्रमण की भी शिकायत थी।
एनडी तिवारी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। बतौर यूपी मुख्यमंत्री उन्होंने 1976-77, 1984-85 और 1988-89 तक तीन बार गद्दी संभाली। इसके बाद 2002 से 2007 तक उन्होंने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के तौर पर पांच साल का कार्यकाल पूरा किया। एनडी तिवारी केंद्र में भी मंत्री रहे हैं। 1986-87 तक वह राजीव गांधी कैबिनेट में विदेश मंत्री रहे। साथ ही 2007 से 2009 तक वह आंध्र प्रदेश के राज्यपाल भी रहे।