Thursday, May 2, 2024
Homeभारतफोर्ब्स इंडिया ने जारी की सबसे अमीर भारतीयों की सूची

फोर्ब्स इंडिया ने जारी की सबसे अमीर भारतीयों की सूची

फोर्ब्स इंडिया ने 2018 के भारत के सबसे अमीर व्यक्तियों की सूची जारी कर दी है। फोर्ब्स इंडिया द्वारा जारी सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी 47.3 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ लगातार 11वें साल सबसे अमीर भारतीय बने हुए हैं। मुकेश अंबानी की संपत्ति इस साल 9.3 अरब डॉलर बढ़ी है। वह इस साल सबसे अधिक कमाई करने वाले भारतीय भी रहे हैं। वहीं विप्रो के चेयरमैन अजीम प्रेमजी ने दूसरा स्थान बरकरार रखा है। उनकी संपत्ति दो अरब डॉलर बढ़कर 21 अरब डॉलर पर पहुंच गयी है। आर्सेलर मित्तल के चेयरमैन लक्ष्मी मित्तल की संपत्ति 1.8 अरब डॉलर बढ़ी है और वह 18.3 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ तीसरे स्थान पर रहे हैं।

फोर्ब्स इंडिया की सूची के अनुसार हिंदुजा बंधु 18 अरब डॉलर के साथ चौथे तथा पलोनजी मिस्त्री 15.7 अरब डॉलर के साथ पांचवें स्थान पर हैं। शीर्ष 10 अमीर भारतीयों में शिव नाडार 14.6 अरब डॉलर, गोदरेज परिवार 14 अरब डॉलर, दिलीप सांघवी 12.6 अरब डॉलर, कुमार बिड़ला 12.5 अरब डॉलर और गौतम अडाणी 11.9 अरब डॉलर शामिल हैं। फोर्ब्स इंडिया के अनुसार किरण मजूमदार शॉ की संपत्ति प्रतिशत के हिसाब से सर्वाधिक बढ़ी है। उनकी संपत्ति 66.7 प्रतिशत बढ़कर 3.6 अरब डॉलर पर पहुंच गयी है। वह सूची में 39वें स्थान पर हैं। इस सूची में चार महिलाएं शामिल हैं। फोर्ब्स ने जारी बयान में कहा कि देश के शीर्ष 100 अमीरों में से 11 लोगों की संपत्ति एक अरब डॉलर से अधिक बढ़ी है। शीर्ष 100 अमीरों की सामूहिक संपत्ति इस दौरान बढ़कर 492 अरब डॉलर हो गयी है।

टॉप न्यूज