टोक्यो ओलंपिक खेलों में नीरज चौपड़ा ने रचा इतिहास, जेवलीन थ्रो स्पर्धा में जीता स्वर्ण पदक

टोक्यो ओलंपिक खेलों में नीरज चौपड़ा ने जेवलीन थ्रो स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। उन्होंने शनिवार को हुए फाइनल मुकाबले में 87.58 मीटर के बेस्ट थ्रो के साथ जेवलिन थ्रो स्पर्धा में पहला स्थान हासिल किया और स्वर्ग पदक हासिल किया।

नीरज ने स्वर्ण पदक जीतने के बाद तिरंगा लेकर मैदान का चक्कर लगाया और इसका जश्न मनाया। नीरज क्वालीफिकेशन में अपने पहले प्रयास में 86.59 मीटर भाला फेंककर शीर्ष पर रहकर फाइनल में जगह बनायी थी।

वहीं फाइनल मुकाबले में उन्होंने पहले प्रयास में 87.03 मीटर भाला फेंका था और नीरज ने अपने दूसरे प्रयास में 87.58 मीटर भाला फेंक कर स्वर्ण पदक पक्का कर लिया था। वे शुरू से ही पहले स्थान पर चल रहे थे। तीसरे प्रयास में वह 76.79 मीटर भाला ही फेंक पाये जबकि चौथे और पाँचवें प्रयास में फाउल कर गये। उन्होंने छठे प्रयास में 84.24 मीटर भाला फेंका।

इसके साथ ही नीरज चौपड़ा स्वर्ण पदक जीतने वाले भारत के पहले एथलीट और अभिनव बिंद्रा के बाद भारत के दूसरे व्यक्तिगत ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता बन गए। 

उपलब्धियां

– स्वर्ण पदक, एशियाई खेल 2018

– स्वर्ण पदक, राष्ट्रमंडल खेल 2018

– स्वर्ण पदक, एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2017

– स्वर्ण पदक, विश्व अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2016

– स्वर्ण पदक, दक्षिण एशियाई खेल 2016

– रजत पदक, एशियाई जूनियर चैंपियनशिप 2016

– वर्तमान राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक (88.07 मीटर – 2021)

– वर्तमान विश्व जूनियर रिकॉर्ड धारक (86.48 मीटर – 2016)