भारत की पहल पर योग की तरह अब मिलेट्स भी दुनिया के कोने-कोने तक पहुंचेंगे: पीएम मोदी

वर्ल्ड फूड इंडिया के उद्घाटन समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत का सस्टनेबल फूड कल्चर हजारों वर्षों की यात्रा का परिणाम है। हमारे पूर्वजों ने आयुर्वेद को जन सामान्य की खाद्य शैली से जोड़ा था।

पीएम मोदी ने कहा कि भारत की पहल पर जिस प्रकार अंतराष्ट्रीय योग दिवस ने योग को दुनिया के कोने-कोने तक पहुंचाया, वैसे ही अब मिलेट्स भी दुनिया के कोने-कोने तक पहुंचेंगे।

नई दिल्ली के प्रगति मैदान में 3 नवंबर से 5 नवंबर 2023 तक आयोजित वर्ल्ड फूड इंडिया के उद्घाटन समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आयुर्वेद और योग के महत्व को रेखांकित किया। प्रधानमंत्री ने योग के वैश्विक प्रसार के महत्व को उकेरा।

वर्ल्ड फूड इंडिया के इस आयोजन में आयुष मंत्रालय एक सहयोगी की भूमिका का निर्वहन कर रहा है। आयुष मंत्रालय की ओर से वर्ल्ड फूड इंडिया में आयुष पवेलियन तैयार किया गया है।

जिसमें आयुर्वेद आहार के साथ ही आयुष आहार की वर्तमान जीवन में उपयोगिता, आयुष आहार का महत्व, उनकी प्राप्त करने के तरीकों आदि के बारे में विस्तार से जानकारी दी जा रही है। इसके साथ उचित भोजन और परंपरागत चिकित्सा पद्यतियों के अनुरूप भोजन की थाली आदि के बारे में बताया गया है।