Wednesday, May 8, 2024
Homeपीएसयूभारतीय रेलजीएम शोभना बंदोपाध्याय के निर्देश: डब्ल्यूसीआर में राजभाषा अधिनियम का हो शत-प्रतिशत...

जीएम शोभना बंदोपाध्याय के निर्देश: डब्ल्यूसीआर में राजभाषा अधिनियम का हो शत-प्रतिशत अनुपालन

पश्चिम मध्य रेल जबलपुर की क्षेत्रीय राजभाषा कार्यान्वयन समिति की 64वीं बैठक 15 मार्च 2024 को समिति अध्यक्ष एवं महाप्रबंधक, श्रीमती शोभना बंदोपाध्याय की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस अवसर पर राजभाषा विभाग, पश्चिम मध्य रेल, मुख्यालय, जबलपुर की त्रैमासिक पत्रिका ‘राजभाषा सरिता’ के 48वें अंक (राजभाषा विशेषांक) का विमोचन श्रीमती शोभना बंदोपाध्याय के कर-कमलों से किया गया।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में श्रीमती बंदोपाध्याय ने कहा कि पश्चिम मध्य रेल पर भारत सरकार की राजभाषा नीतियों का अनुपालन बेहतर तरीके से किया जा रहा है। हमारा दायित्व है कि हम अपना अधिक से अधिक सरकारी कामकाज राजभाषा हिंदी में करें। उन्होंने निर्देश दिया कि पश्चिम मध्य रेल पर राजभाषा अधिनियम की धारा 3(3), राजभाषा नियम 11 एवं राजभाषा नियम 5 का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने त्रैमासिक पत्रिका के बारे में कहा कि यह अंक रेल अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए बहुत उपयोगी एवं संग्रहणीय है। इसके लिए उन्होंने राजभाषा विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी।

बैठक में उपस्थित अपर महाप्रबंधक एवं मुख्य राजभाषा अधिकारी रविशंकर सक्सेना ने अपने स्वागत भाषण में भारत सरकार की एजेंसियों द्वारा राजभाषा हिंदी के उन्नयन हेतु किए जा रहे विभिन्न अभिनव प्रयोगों का उल्लेख करते हुए कहा कि सभी समिति सदस्य एवं विभाग प्रमुख और अन्य अधिकारीगण अपने विभागीय निरीक्षण के दौरान अपने विभाग, कार्यालयों एवं स्टेशनों पर राजभाषा हिंदी की प्रगति का जायजा अवश्य लें तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राजभाषा अधिनियम, नियम आदि की जानकारी हो इसके लिए विभागवार हिंदी कार्यशालाओं का आयोजन करने एवं राजभाषा विभाग द्वारा प्रकाशित राजभाषा विशेषांक का लाभ लेने को कहा। 

इस बैठक में मुख्यालय के सभी विभाग प्रमुख, उनके प्रतिनिधि अधिकारीगण, मंडलों के अपर मंडल रेल प्रबंधक व कारखानों के मुख्य कारखाना प्रबंधक उपस्थित थे। सभी ने विभागों, मंडलों तथा कारखानों में सरकारी कामकाज में हुई राजभाषा प्रगति से अध्यक्ष/महाप्रबंधक पमरे को अवगत कराया तथा रचनात्मक सुझाव दिये। बैठक का संचालन राज रंजन श्रीवास्तव, राजभाषा अधिकारी ने किया तथा महेश कुमार, उप मुख्य राजभाषा अधिकारी ने महाप्रबंधक महोदया एवं समिति सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।

संबंधित समाचार