Thursday, May 9, 2024
Homeपीएसयूभारतीय रेलपूर्वोत्तर सीमा रेल ने दो नई ट्रेन सेवाओं का किया शुभारंभ

पूर्वोत्तर सीमा रेल ने दो नई ट्रेन सेवाओं का किया शुभारंभ

गुवाहाटी (हि.स.)। रेल कनेक्टिविटी में बढ़ोतरी के लिए, पूर्वोत्तर सीमा रेल (पूसीरे) ने जोगबनी- सिलीगुड़ी टाउन और डिब्रूगढ़-देवघर के बीच दो नई ट्रेन सेवाएं शुरू की हैं। इन सेवाओं में ट्रेन संख्या 15723/15724 (जोगबनी- सिलीगुड़ी टाउन- जोगबनी) सप्ताह में पांच दिन और ट्रेन संख्या 15926/15925 (डिब्रूगढ़– देवघर- डिब्रूगढ़) साप्ताहिक चलेगी। पूसीरे के सीपीआरओ सब्यसाची डे ने आज बताया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 02 मार्च को जोगबनी को सिलीगुड़ी टाउन से जोड़ने वाली ट्रेन को वर्चुअली हरी झंडी दिखाई। ये एक्सप्रेस ट्रेनें असम, पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड के बीच रेल कनेक्टिविटी में सुधार करेगी, जिससे व्यापार और अन्य आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। इन ट्रेनों की नियमित सेवाएं निम्नलिखित विवरण के अनुसार चलेंगी।

ट्रेन संख्या 15723 (जोगबनी- सिलीगुड़ी टाउन) एक्सप्रेस जोगबनी से 05.40 बजे प्रस्थान कर उसी दिन सिलीगुड़ी टाउन 13.30 बजे पहुंचेगी। वापसी दिशा में, ट्रेन संख्या 15724 (सिलीगुड़ी टाउन- जोगबनी) एक्सप्रेस सिलीगुड़ी टाउन से 16.50 बजे प्रस्थान कर अगले दिन जोगबनी 00.15 बजे पहुंचेगी। ये एक्सप्रेस ट्रेनें 4 मार्च को अपनी यात्रा शुरू करते हुए सोमवार, मंगलवार, गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार को चलेंगी। ये एक्सप्रेस ट्रेनें दोनों दिशाओं में वाया फारबिसगंज, अररिया, पूर्णिया जंक्शन, कटिहार जंक्शन, सालमारी, बारसोई जंक्शन, डालखोला, किशनगंज, आलुआबाड़ी रोड, ठाकुरगंज, बागडोगरा और सिलीगुड़ी जंक्शन होकर चलेंगी। ट्रेनों में यात्रियों के लिए 12 सेकेंड क्लास, तीन चेयर कार और एक एसी चेयर कार कोच होंगे।

इसी तरह, ट्रेन संख्या 15926 (डिब्रूगढ़- देवघर) एक्सप्रेस की सेवा 05 मार्च से शुरू होगी। यह ट्रेन मंगलवार को डिब्रूगढ़ से 23.30 बजे प्रस्थान कर गुरुवार को देवघर 06.00 बजे पहुंचेगी। वापसी दिशा में, ट्रेन संख्या 15925 (देवघर– डिब्रूगढ़) एक्सप्रेस की सेवा 7 मार्च से शुरू होगी। यह ट्रेन गुरुवार को देवघर से 20.05 बजे प्रस्थान कर अगले दिन डिब्रूगढ़ 23.00 बजे पहुंचेगी। ये एक्सप्रेस ट्रेनें दोनों दिशाओं में वाया धेमाजी, नॉर्थ लखिमपुर, हारमती, बिश्वनाथ चारआली, रंगापाड़ा नॉर्थ, उदालगुड़ी, रंगिया जंक्शन, नलबाड़ी, बरपेटा रोड, न्यू बंगाईगांव, कोकराझार, न्यू जलपाईगुड़ी, किशनगंज, बारसोई जंक्शन, कटिहार जंक्शन, खगड़िया जंक्शन, भागलपुर, मोहनपुर होकर चलेंगी। ट्रेनों में यात्रियों के लिए दो एसी 2-टियर, छह एसी 3-टियर, सात स्लीपर क्लास, चार सेकेंड क्लास कोच होंगे।

जोगबनी और सिलीगुड़ी टाउन के बीच नई ट्रेन सेवाओं से उत्तर बंगाल और बिहार क्षेत्र के लोगों को लाभ होगा। इसी तरह, डिब्रूगढ़ और देवगढ़ के बीच नई सेवाओं से ब्रह्मपुत्र के उत्तरी तट और उत्तर बंगाल क्षेत्र के लोगों को काफी फायदा होगा।

संबंधित समाचार