Wednesday, April 2, 2025
HomeTrendनेपाली पर्वतारोही पूर्णिमा श्रेष्ठ 2024 के लिए विश्व के सफल एथलीटों की...

नेपाली पर्वतारोही पूर्णिमा श्रेष्ठ 2024 के लिए विश्व के सफल एथलीटों की सूची में शामिल

काठमांडू (हि.स.)। प्रसिद्ध वैश्विक मीडिया आउटलेट सीएनएन ने 2024 के लिए सफल एथलीटों की अपनी सूची में नेपाली पर्वतारोही पूर्णिमा श्रेष्ठ को शामिल किया है।

सोमवार को अमेरिका में जारी सूची में उन एथलीटों को शामिल किया गया है जिन्होंने 2024 में दुनिया भर में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। सीएनएन ने श्रेष्ठ की दो सप्ताह के भीतर तीन बार माउंट एवरेस्ट पर चढ़ने की रिकॉर्ड तोड़ उपलब्धि का वर्णन किया है। केवल 13 दिनों में उन्होंने इस उपलब्धि को पूरा किया। फोटो जर्नलिस्ट रही पूर्णिमा श्रेष्ठ ने इस उपलब्धि के साथ इतिहास बनाया।

पूर्णिमा ने इस उपलब्धि को ऐतिहासिक बताया है। अपनी उपलब्धि के बारे में उन्होंने बताया “मेरा शरीर थक गया था। कभी-कभी यहां तक महसूस किया कि अपने लक्ष्य को छोड़ कर वापस लौट जाया जाए।” वित्तीय चुनौतियों के बावजूद, श्रेष्ठ ने अपनी सफलता के लिए अपने सपने के प्रति अपनी अटूट प्रतिबद्धता को श्रेय दिया है।

2021 में, श्रेष्ठ दुनिया की सातवीं सबसे ऊंची चोटी धौलागिरी पर्वत पर चढ़ने वाली पहली नेपाली महिला बनीं। सीएनएन द्वारा मान्यता प्राप्त होने पर गर्व व्यक्त करते हुए, श्रेष्ठ ने सोशल मीडिया पर अपने विचार साझा करते हुए 2024 को अपने जीवन में एक ऐतिहासिक वर्ष बताया।

उन्होंने लिखा है कि यह साल 2024 मेरे जीवन में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर बन गया। मैं एक ही चढ़ाई के मौसम में तीन बार माउंट एवरेस्ट पर चढ़ने वाली दुनिया की पहली और एकमात्र महिला बनने में सफल रही। मैं अपने परिवार, दोस्तों और उन सभी को हार्दिक धन्यवाद देती हूं जिन्होंने इस यात्रा पर मेरा समर्थन और प्रोत्साहित किया। मई 2025 हम सभी के लिए नई ऊंचाइयों और इससे भी अधिक साहसी प्रयास ला सकता है।

Related Articles

Latest News

Notifications Powered By Aplu