आज है विश्व पर्यावरण दिवस, पीएम मोदी ने कहा ‘माता भूमि: पुत्रोहं पृथिव्या:’

आज विश्व पर्यावरण दिवस पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशवासियों से पृथ्वी एवं पर्यावरण की रक्षा करने का आग्रह किया है। इसके अलावा पूरे देश में विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में सरकारी एवं गैर सरकारी संस्थाओं द्वारा अनेक कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं, जिसके तहत लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरुक किया जा रहा है और प्रकृति, पृथ्वी, जल, जंगल को सहेजना के संदेश दिया जा रहा है।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने ट्वीट करते हुए देशवासियों को संदेश दिया कि विश्व पर्यावरण दिवस पर हम अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हैं कि पृथ्वी को स्वच्छतर और सतत बनाएंगे। प्रकृति के साथ सामंजस्य पूर्ण जीवन भारतीय संस्कृति की परंपरा है। भारत जलवायु परिवर्तन से निपटने और भावी पीढय़िों को हरित, इको-फ्रेंडली पर्यावास देने के लिए वचनबद्ध है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विश्व पर्यावरण पर स्वच्छ पृथ्वी के लिए आज अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया। अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारी पृथ्वी और पर्यावरण को हमने अत्यंत संजोकर रखा है। आज पर्यावरण दिवस पर, हम स्वच्छ पृथ्वी को सुरक्षित रखने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हैं। प्रकृति के साथ मिलकर रहने से बेहतर भविष्य देखने को मिलेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक अन्य ट्वीट संस्कृत में किया, जिसमें लिखा कि माता भूमि: पुत्रोहं पृथिव्या: इसका आशय है कि यह भूमि मेरी माँ है, मैं उसका पुत्र हूँ।