राष्ट्रपति ने राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2019 और राष्ट्रीय साहसिक पुरस्कार 2018 प्रदान किए

राष्‍ट्रपति रामनाथ कोविंद ने गुरुवार को राष्‍ट्रपति भवन में आयोजित एक समारोह में राष्‍ट्रीय खेल पुरस्कार 2019 और राष्ट्रीय साहसिक पुरस्‍कार 2018 प्रदान किए। इस अवसर पर उपस्थित गणमान्य अतिथियों में केंद्रीय युवा मामलों एवं खेल राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) किरण रिजीजू भी शामिल थे।
राजीव गांधी खेल रत्न 2019 सुश्री दीपा मलिक पैरा एथलीट को प्रदान किया गया। द्रोणाचार्य पुरस्कार 2019 विमल कुमार बैडमिंटन, संदीप गुप्ता टेबल टेनिस को प्रदान किया गया। लाइफटाइम श्रेणी का पुरस्कार मर्ज़बान पटेल हॉकी, रामबीर सिंह खोखर कबड्डी, संजय भारद्वाज क्रिकेट को दिया गया।
अर्जुन पुरस्कार 2019 एस. भास्करन बॉडी बिल्डिंग, सुश्री सोनिया लाठर बॉक्सिंग चिंगलेनसाना सिंह कंगुजम हॉकी, अजय ठाकुर कबड्डी, गौरव सिंह गिल मोटर स्पोर्ट्स, प्रमोद भगत पैरा खेल (बैडमिंटन), हरमीत राजुल देसाई टेबल टेनिस, सुश्री पूजा ढांडा कुश्ती, फौआद मिर्जा घुड़सवारी, गुरप्रीत सिंह संधू फुटबॉल, सुश्री पूनम यादव क्रिकेट, सुश्री स्वप्ना बर्मन एथलेटिक्स, भमिदीपति साई प्रणीत बैडमिंटन, सिमरन सिंह शेरगिल पोलो को दिया गया।
ध्यानचंद पुरस्कार 2019 मैनुअल फ्रैडरिक्स हॉकी, अरूप बसक टेबल टेनिस, मनोज कुमार कुश्ती, नितेनकिरतने टेनिस, सी. लालरेमसंगा तीरंदाजी को दिया गया।
तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहसिक पुरस्कार, 2018 सुश्री अपर्णा कुमार भू-साहसिक कार्य, स्व श्री दीपांकर घोष (परिजनों ने प्राप्त किया पुरस्कार) भू-साहसिक कार्य, मणिकंदन के. भू-साहसिक कार्य, प्रभात राजू कोली जल साहसिक कार्य, रामेश्वर जांगड़ा हवाई साहसिक कार्य, वांगचुक शेरपा जीवन पर्यंत उपलब्धि को दिया गया
राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार उभरती हुई और युवा प्रतिभा की पहचान एवं पोषण के लिए गगन नारंग स्पोर्ट्स प्रमोशन फाउंडेशन, गोस्पोर्ट्स फाउंडेशन, विकास के लिए खेल रायलसीमा डेवलपमेंट ट्रस्ट को दिया गया। पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ को वर्ष 2019 की मौलाना अबुल कलाम आजाद (एमएकेए) ट्रॉफी प्रदान की गई।
पदक और प्रशस्ति पत्र के अलावा राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार विजेताओं को साढ़े सात लाख रूपये का नकद पुरस्कार दिया गया। अर्जुन, द्रोणाचार्य और ध्यानचंद पुरस्कार विजेताओं को प्रतिमा, प्रमाण-पत्र और पांच-पांच लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया। राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार 2019 प्राप्त करने वाली संस्थाओं को एक ट्रॉफी और प्रमाण-पत्र दिया गया। तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहसिक पुरस्कार विजेताओं को एक प्रतिमा, प्रमाण-पत्र और पांच-पांच लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया। अंतर-विश्वविद्यालय प्रतियोगिताओं में कुल मिलाकर शीर्ष प्रदर्शन करने वाले पंजाब विश्वविद्यालय को एमएकेए ट्रॉफी, 15 लाख रुपये की पुरस्कार राशि और प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया।