Friday, October 18, 2024
Homeट्रेंडिंग न्यूजकेंद्र में पहली बार ऐसी सरकार है, जिसने महिलाओं के सम्मान की...

केंद्र में पहली बार ऐसी सरकार है, जिसने महिलाओं के सम्मान की चिंता की: नरेन्द्र मोदी

वाराणसी (हि.स.)। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि काशी में राजपाठ तो बाबा विश्वनाथ चलाते हैं लेकिन व्यवस्था माता अन्नपूर्णा चलाती हैं। भोजपुरी में उन्होंने कहा कि पहली बार है नामांकन अपने माई (हीरा बेन) के उपस्थिति के बिना कइले हइं। मां गंगा ही हमरी माई हईं।

प्रधानमंत्री मोदी मंगलवार को सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के खेल मैदान में भाजपा महिला मोर्चा की ओर से आयोजित मातृशक्ति सम्मेलन को सम्बोधित कर रहे थे। सम्मेलन में 25 हजार से अधिक जुटी मातृशक्ति की भीड़ को देख प्रधानमंत्री ने कहा कि इतनी सारी मातृ शक्ति की मौजूदगी मुझे अभिभूत कर रही हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि चुनावी व्यस्तता के बावजूद बनारस को लेकर निश्चिंत रहता हूं। आप सब संभाल लेती हैं। इस गर्मी में स्वास्थ्य का ध्यान रखिये। आपको घरों, गांवों में जाना होता है, पानी खूब पीजिये। बिना खाए घर से मत निकलिए।

प्रधानमंत्री ने कहा कि महिलाएं पिछले दस साल में पहली बार सरकार की नीतियों से लेकर निर्णय तक में केंद्र में आई हैं। यही भारत की सक्सेस स्टोरी का फैक्टर है। पहली बार केंद्र में ऐसी सरकार आई है, जिसने महिलाओं के सम्मान की चिंता की है। उन्हें इज्जत घर दिए। इसके लिए विपक्षी दल मजाक उड़ाते हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं के बिना जब घर नहीं चलता तो देश कैसे चल जाता। ये बात पिछली सरकार को समझ नहीं आई। प्रधानमंत्री ने कहा कि 60 वर्षों तक कांग्रेस और सपा की सरकारों ने महिलाओं की उपेक्षा की। महिला आरक्षण का विरोध किया। इंडी गंठबंधन पूरा महिला विरोधी है। उत्तर प्रदेश में पहले जंगल राज था। बहन-बेटियों का घर से निकलना मुश्किल था।

मोदी ने कहा कि जब सपा की सरकार आती है तो महिलाओं का जीना दूभर हो जाता है। बेटियों को सुरक्षा के डर से पढ़ाई छोड़कर घर पर बैठना पड़ता था। सपा वाले बेशर्मी से कहते थे लड़के हैं लड़कों से गलती हो जाती है। आज सपा के लड़के गलती करके दिखाएं, योगी सरकार उनका वो हाल करेगी जो उन्होंने सोचा भी नहीं होगा।

हर-हर महादेव, नमो नमो, जय श्री राम के उद्घोष के बीच महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री का स्वागत किया। प्रधानमंत्री मोदी ई-कार्ट पर खड़े होकर महिला कार्यकर्ताओं की दीर्घा से होते हुए मंच पर पहुंचे। कार्ट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी सवार रहे। भाजपा महिला मोर्चा की लोकसभा प्रभारी अर्चना मिश्रा, मीना चौबे, भाजपा महिला मोर्चा की क्षेत्रीय अध्यक्ष नम्रता चौरसिया, महानगर अध्यक्ष कुसुम सिंह पटेल, जिलाध्यक्ष विनीता सिंह, निर्मला सिंह पटेल के अगुवाई में महिलाओं ने प्रधानमंत्री पर गुलाब की पंखुड़ियों की बारिश की।

संबंधित समाचार

ताजा खबर