Friday, October 18, 2024
Homeट्रेंडिंग न्यूजविश्व बैंक ने 2024-25 में भारत की जीडीपी ग्रोथ 7 प्रतिशत रहने...

विश्व बैंक ने 2024-25 में भारत की जीडीपी ग्रोथ 7 प्रतिशत रहने का जताया अनुमान

नई दिल्‍ली (हि.स.)। विश्‍व बैंक ने देश की आर्थिक वृद्धि दर के अनुमान को बढ़ा दिया है। विश्‍व बैंक ने चालू वित्त वर्ष 2024-25 में कृषि क्षेत्र और ग्रामीण मांग में सुधार के दम पर भारतीय अर्थव्यवस्था की वृद्धि दर 7 प्रतिशत रहने का अनुमान लगाया है। इससे पहले जून में विश्व बैंक ने भारत की सकल घरेलू उत्‍पाद (GDP) वृद्धि दर 6.6 फीसदी रहने का अनुमान जताया था।

विश्व बैंक ने मंगलवार को जारी अपनी ‘इंडिया डेवलपमेंट अपडेट’ रिपोर्ट में कहा है कि वैश्विक विकास में सुस्ती के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था मजबूत बनी रहेगी। रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत जो दक्षिण एशिया क्षेत्र का बड़ा हिस्सा है, उसकी आर्थिक वृद्धि दर वित्‍त वर्ष 2024-25 में 7 प्रतिशत रहने की उम्मीद है। विश्‍व बैंक के मुताबिक कृषि क्षेत्र में सुधार से उद्योग में आई मामूली गिरावट की आंशिक भरपाई हो जाएगी और सेवाएं मजबूत बनी रहेंगी। कृषि में अपेक्षित सुधार से ग्रामीण मांग में भी सुधार होगा।

उल्‍लेखनीय है कि पिछले हफ्ते भारत सरकार के राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) की ओर से आंकड़ों के मुताबिक चुनावों के दौरान सरकार के व्यय में कमी की वजह से चालू वित्त वर्ष 2024-25 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून 2024) में देश की आर्थिक वृद्धि दर धीमी होकर 6.7 प्रतिशत रह गई है।

हालांकि अंतरराष्‍ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) ने भी आर्थिक वृद्धि दर 7 प्रतिशत रहने का अनुमान जताया है। वहीं रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने चालू वित्त वर्ष 2024-25 में 7.2 फीसदी की दर से भारतीय अर्थव्यवस्था के विकास करने का अनुमान जताया है।

संबंधित समाचार

ताजा खबर