Wednesday, October 16, 2024
Homeमध्यप्रदेशमध्यप्रदेश के कई जिलों में तीन दिन तक गरज-चमक के साथ बरसेगा...

मध्यप्रदेश के कई जिलों में तीन दिन तक गरज-चमक के साथ बरसेगा पानी, विदाई बेला में एक्टिव हुए बारिश के दो सिस्टम

भोपाल (हि.स.)। मध्यप्रदेश के अधिकांश जिलों में मानसून की विदाई हो चुकी है, लेकिन अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से लगातार आ रही नमी से कई शहरों में गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी है। प्रदेश में जाते-जाते भी मानसून बरस रहा है। रविवार को भोपाल, उज्जैन समेत 12 जिलों में जमकर बारिश हुई। शाजापुर में सबसे ज्यादा पांच इंच बारिश दर्ज की गई। वहां बाढ़ जैसे हालात बन गए। उज्जैन में शिप्रा का जलस्तर बढ़ गया, जिससे रामघाट डूब गया।

भोपाल मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार प्रदेश के 50 से जिलों से मानसून विदा हो चुका है, लेकिन दो सिस्टम की एक्टिविटी की वजह से बारिश हो रही हैं। मौसम विभाग ने अगले 3 दिन तक प्रदेश के कई जिलों में हल्की बारिश और गरज-चमक का अनुमान जताया है। सोमवार को भी भोपाल, नर्मदापुरम, जबलपुर, इंदौर, उज्जैन संभाग के जिलों में मध्यम वर्षा हो सकती है।

इधर, रविवार को भोपाल में दिनभर बादल छाए रहे। दोपहर में बूंदाबांदी होने लगी। शाम तक रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। बैतूल में 2.8 इंच, उज्जैन में पौने 2 इंच, भोपाल में आधा इंच बारिश रिकॉर्ड की गई। धार, नर्मदापुरम, इंदौर, रतलाम, शिवपुरी, मंडला, नरसिंहपुर में भी पानी गिरा।

बारिश के चलते नर्मदापुरम में तवा डैम का जलस्तर 1166.30 फीट पहुंच गया। जलस्तर को देखते हुए डैम के तीन गेटों को तीन फीट ऊंचाई तक खोलकर पानी छोड़ा जाएगा। प्रशासन ने तवा और नर्मदा नदी के तट पर दूरी बनाए रखने के लिए अलर्ट जारी किया है।

बैतूल में घर के बाहर खेल रहा था ढाई साल का मासूम

बैतूल में रविवार को एक घंटे में तीन इंच बारिश हुई। किदवई वार्ड में घर के बाहर खेल रहा ढाई साल का मासूम आमिर पुत्र आरिफ मंसूरी नाली में बह गया। उसे खोजने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया गया। एसडीआरएफ के जवान, पुलिस समेत जेसीबी मशीन की भी मदद ली गई। बताया जा रहा है कि आमिर समेत चार बच्चे खेल रहे थे। अन्य तीन बच्चों ने आमिर को बहते देखा तो घर में बताया, तब तक वह बह चुका था। एक किमी दूर वह नाले में मिला। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. वेद प्रकाश सिंह ने बताया कि वर्तमान में अरब सागर में एक गहरा कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके सोमवार तक अवदाब के क्षेत्र में परिवर्तित होने के आसार हैं। दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में भी हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। अरब सागर में लो प्रेशर एरिया के साथ मानसून ट्रफ की एक्टिविटी है। इस वजह से दक्षिण-पश्चिमी हवाएं इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, नर्मदापुरम, जबलपुर, शहडोल संभाग में नमी ला रही हैं और बारिश हो रही है। 15 अक्टूबर तक ऐसा ही मौसम रहेगा।

संबंधित समाचार

ताजा खबर