Friday, October 23, 2026
Homeराष्ट्रीयडिजिटल अरेस्‍ट मामले में रायपुर साइबर पुलिस ने एक आरोपी को किया...

डिजिटल अरेस्‍ट मामले में रायपुर साइबर पुलिस ने एक आरोपी को किया गिरफ्तार

रायपुर (हि.स.)। रायपुर साइबर पुलिस ने एक हाई-प्रोफाइल ठगी मामले में 24 घंटे के भीतर एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। साइबर पुलिस ने पंडरी निवासी 58 वर्षीय महिला से 58 लाख रुपये की ठगी करने वाले एक आरोपित को हिरासत में ले लिया है। आरोपित जसविंदर सिंह साहनी के पास से नकद 9.50 लाख रुपये के साथ बैंक खाता, चेक बुक और मोबाइल फोन जब्त किया गया है।

साइबर ठगी की शिकार महिला एमवीएसएस लक्ष्मी ने बुधवार को रिपोर्ट दर्ज कराई कि अज्ञात मोबाइल नंबर धारकों ने स्वयं को क्राइम ब्रांच, मुंबई पुलिस के अधिकारी बताकर उसके आधार कार्ड का दुरुपयोग करते हुए 311 बैंक खातों के खुलने की झूठी जानकारी देकर डराया। आरोपित ने “डिजिटल अरेस्ट” का झांसा देते हुए 24 घंटे तक व्हाट्सएप वीडियो कॉल पर जुड़े रहने का दबाव बनाया और इस प्रक्रिया में पीड़िता से 58 लाख रुपये की ठगी की। इस मामले में थाना पंडरी (मोवा) में अपराध क्रमांक 305/24 धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया और विवेचना रेंज साइबर थाना रायपुर को सौंपी गई।

रायपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए रेंज साइबर थाना रायपुर को आवश्यक तकनीकी साक्ष्य एकत्र करने, आरोपित की पहचान करने तथा ठगी की रकम को होल्ड एवं जब्त करने के निर्देश दिए। रेंज साइबर थाना रायपुर ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपित जसविंदर सिंह साहनी (उम्र 58 वर्ष), निवासी राजनंदगांव, को गिरफ्तार किया। आरोपित के पास से 9.50 लाख रुपये नकद, बैंक खाता विवरण, चेकबुक और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।

Related Articles

Latest News