Friday, October 23, 2026
Homeमध्य प्रदेशभोपाल के हमीदिया अस्पताल के कर्मचारियों को लग सकता है झटका, स्टाफ...

भोपाल के हमीदिया अस्पताल के कर्मचारियों को लग सकता है झटका, स्टाफ की छंटनी की तैयारी

भोपाल (हि.स.)। भोपाल के हमीदिया अस्पताल के कर्मचारियों को बड़ा झटका लग सकता है। हमीदिया अस्पताल प्रबंधन ने कर्मचारियों की छंटनी की तैयारी कर ली है। बताया जा रहा है कि यहां स्वीकृत पदों से ज्यादा स्टाफ काम कर रहा है। 200 कर्मचारियों को हटाया जा सकता है। ये कौन से कर्मचारी होंगे, अभी तय नहीं है। इसे लेकर मैनेजमेंट ने निजी कंपनी को लेटर जारी किया है।

भोपाल के हमीदिया अस्पताल में वार्ड बॉय, लैब टैक्नीशियन, हाउसकीपिंग स्टाफ की संख्या अधिक है। इस हॉस्पिटल में 1400 कर्मचारियों की स्वीकृति है, लेकिन यहां 1600 के करीब स्टाफ कार्यरत है। अस्पताल में कोविड फंड से अतिरिक्त स्टाफ भर्ती किया गया था। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि शासन से सैक्शन पदों के मुकाबले हमीदिया में 200 कर्मचारी अधिक काम कर रहे हैं। वर्तमान में शासन की ओर से जितने पद सैक्शन हैं, उस आधार पर निर्णय लिया जाएगा।

उधर, हमीदिया अस्पताल में वार्ड बॉय, कंप्यूटर ऑपरेटर और हाउस कीपिंग स्टाफ मंगलवार सुबह से हड़ताल पर चले गए। जीएमसी की डीन डॉ. कविता एन सिंह का कहना है- इनकी सैलरी शुक्रवार या शनिवार तक आ जाएगी। सैलरी में देरी की वजह पैसा नहीं होना है। हमीदिया में अधिक स्टाफ के चलते इन आउटसोर्स कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिल रहा है। वेतन विसंगति के कारण हॉस्पिटल के कर्मचारी एक हफ्ते में 2 बार हड़ताल कर चुके हैं। इसे देखते हुए अब स्टाफ कम करने या अन्य प्रबंधन को लेकर विचार चल रहा है। हमीदिया अस्पताल में जल्द छटनी हो सकती है।

Related Articles

Latest News