Friday, April 24, 2026
Homeमध्य प्रदेशउप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल के निर्देश- सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को एफआरयू बनाने...

उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल के निर्देश- सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को एफआरयू बनाने के लिये करें आवश्यक व्यवस्थाएं

मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा है कि स्वास्थ्य संस्थानों के निर्माण कार्यों के साथ ही वहां आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता और आवश्यक मैनपॉवर की भर्ती की प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए। इससे स्वास्थ्य संस्थानों में सेवाओं का सुचारू और समय पर प्रदाय सुनिश्चित होगा। उप मुख्यमंत्री ने मंत्रालय, भोपाल में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा की।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में ब्लड स्टोरेज यूनिट की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। साथ ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) को फर्स्ट रेफरल यूनिट (एफआरयू) के रूप में विकसित करने के लिये अन्य आवश्यक व्यवस्थाएँ भी की जायें। इससे ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं अधिक सुलभ होंगी और जिला अस्पतालों पर बढ़ते भार को भी कम किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के सशक्तीकरण से संस्थागत प्रसव को प्रोत्साहित किया जा सकेगा, जिससे मातृ मृत्यु दर और शिशु मृत्यु दर में महत्वपूर्ण सुधार होगा।

उप मुख्यमंत्री ने मेडिकल टीचर्स की लंबित मांगों पर हुई कार्यवाही की जानकारी भी प्राप्त की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक विषयों पर शीघ्र कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रमुख सचिव स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा संदीप यादव, आयुक्त स्वास्थ्य तरुण राठी, एमडी एमपी-पीएचएससीएल मयंक अग्रवाल उपस्थित रहे।

Related Articles

Latest News