राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलखंड पर मंगलवार रात करीब 9:45 बजे रेलवे ट्रैक पर जोरदार विस्फोट हुआ। धमाके से रेलवे पटरी के नीचे लगे सीमेंट के दो ब्लॉक पूरी तरह टूट गए और पटरियों के बीच करीब दो फीट गहरा गड्ढा हो गया। विस्फोट की आवाज लगभग 200 मीटर दूर तक सुनाई दी। घटना से करीब 45 मिनट पहले ही रात 9 बजे इस ट्रैक से एक पैसेंजर ट्रेन गुजरी थी।
रेलवे ट्रैक पर विस्फोट की सूचना मिलते ही पुलिस, आईबी, सीआईडी और एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (एटीएस) की टीमें मौके पर पहुंचीं। सुरक्षा के मद्देनजर बुधवार सुबह तक इस रेलखंड पर रेल यातायात बंद रखा गया, जिसके चलते इस रूट से गुजरने वाली चार ट्रेनों को रद्द करना पड़ा। रेलवे की टीम मंगलवार देर रात करीब दो बजे घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। इस दौरान आसपास के ग्रामीणों से भी पूछताछ की गई। आईबी और सीआईडी की टीमें रात करीब दो बजे मौके पर पहुंचीं, जबकि इसके 15 मिनट बाद एटीएस के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे। श्रीगंगानगर के एसपी हरिशंकर ने बताया कि विस्फोट की तीव्रता, रेलवे ट्रैक को नुकसान पहुंचाने के पीछे की मंशा और इसमें शामिल लोगों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
एफएसएल टीम घटनास्थल से नमूने एकत्र कर उनकी जांच करेगी। रामसिंहपुर थाना प्रभारी राम प्रताप के अनुसार, मंगलवार रात 8:30 बजे अनूपगढ़ जंक्शन से सूरतगढ़ के लिए रवाना हुई ट्रेन करीब नौ बजे 50 जीबी गांव के पास से गुजरी थी। इसके लगभग 45 मिनट बाद रेलवे पटरी पर विस्फोट हुआ। धमाके की आवाज सुनकर करीब 200 मीटर दूर स्थित ढाणी के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद रात करीब 11 बजे पुलिस और अन्य अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे।





![लग्जरी कारों के शौकीन हो जाएं तैयार, इस महीने लॉन्च होंगी 4 जबरदस्त गाड़ियां Mercedes-Benz GLC Electric]](https://lokraag.com/wp-content/uploads/2026/11/Mercedes-Benz-GLC-Electric-324x160.jpg)


