Monday, June 15, 2026
Homeमध्य प्रदेशमध्य प्रदेश में आज मौसम रहेगा सामान्य- 19 जनवरी से बर्फीली हवाएं...

मध्य प्रदेश में आज मौसम रहेगा सामान्य- 19 जनवरी से बर्फीली हवाएं चलने की संभावना, जिससे घटेगा तापमान

मध्य प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट बदलेगा जिससे ग्वालियर-चंबल में अगले 2 दिन कोहरा रहेगा, जबकि भोपाल, इंदौर-उज्जैन में बादल छाए रहेंगे। मौसम विभाग के अनुसार 19 एवं 20 जनवरी से ठंड बढ़ने की संभावना है। साथ ही जनवरी के अंतिम सप्ताह में भी कड़ाके की ठंड पड़ने के आसार हैं।

मौसम विभाग ने बारिश का दौर थमने और कोहरे का असर बढ़ने का अनुमान जताते हुए कहा है कि शनिवार 18 जनवरी से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। हालांकि इसका असर उत्तर-पश्चिमी भारत के ऊपर दिखाई देगा, लेकिन हिमालय के ऊपर इसका असर होने से तेज बर्फीली हवाएं चलेंगी, जिससे तापमान में कमी आने से मध्यप्रदेश में भी ठंड बढ़ने से ठिठुरन बढ़ जाएगी।

मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश में गुरुवार को कड़ाके की ठंड रही। कई शहरों में दिन का तापमान 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया। छतरपुर का नौगांव सबसे ठंडा रहा। यहां दिन का तापमान 15.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। खजुराहो में 16 डिग्री, शिवपुरी में 17 डिग्री, टीकमगढ़ में 17.5 डिग्री, रतलाम में 19.5 डिग्री, गुना में 19.6 डिग्री, रायसेन सतना में 21.2 डिग्री, धार-रीवा में 21.4 डिग्री, सीधी में 22.2 डिग्री, नरसिंहपुर में 23.2 डिग्री, मलाजखंड में 23.5 डिग्री और सागर में 23.8 डिग्री तापमान रहा।

प्रदेश के प्रमुख शहरों में ग्वालियर का तापमान 18.6 डिग्री पहुंच गया। भोपाल में 23.4 डिग्री, इंदौर में 22.6 डिग्री, उज्जैन में 20.4 डिग्री और जबलपुर में तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Related Articles

Latest News