केन्द्रीय क्रीड़ा एवं कला परिषद एमपी पावर मैनेजमेंट कंपनी जबलपुर के तत्वावधान में मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी भोपाल द्वारा दो दिवसीय 46वीं अंतरक्षेत्रीय सांस्कृतिक स्पर्धा का समापन शुक्रवार को पुरस्कार वितरण के साथ राजधानी के मानस भवन में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक क्षितिज सिंघल ने कहा कि अभिरूचियों को मंच मिलने से प्रतिभाओं को पहचान मिलती है। इन सांस्कृतिक प्रतियोगितओं से कला को निखारा जा सकता है और कलाकार को प्रोत्साहन मिलता है। उन्होंने पुरस्कार प्राप्त करने वाले सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए अपनी कला को आगे भी बरकरार रखने की बात कही।
इस अवसर पर मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के महाप्रबंधक शहर वृत्त बीबीएस परिहार सहित अन्य अधिकारी एवं प्रतिभागी उपस्थित थे। दोनों ही दिन की प्रतियोगिताओं में निर्णायक की भूमिका केन्द्रीय क्रीड़ा परिषद जबलपुर के पर्यवेक्षक निरंजन पुरी गोस्वामी, श्रीमती निर्मला उपाध्याय भोपाल तथा वरिष्ठ कवि राजेन्द्र गट्टानी भोपाल ने निभाई।
गौरतलब है कि मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा दो दिवसीय अंतर क्षेत्रीय सांस्कृतिक स्पर्धा का आयोजन 13 से 14 फरवरी तक किया गया जिसमें शुक्रवार को प्रतिभागियों ने काव्य पाठ किया। प्रतियोगिताओं में ऊर्जा विभाग की कंपनियों के 9 क्षेत्रों ने भाग लिया जिसमें प्रथम दिवस शास्त्रीय तथा सुगम गायन महिला एवं पुरूष वर्ग एवं वादन में तालवाद्य में एकल वादन प्रतियोगिता सम्पन्न हुई।
समापन अवसर पर जिन प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए उनमें काव्य पाठ में प्रथम पुरस्कार चित्रांश खरे भोपाल, द्वितीय पुरस्कार दीपाली श्रेया दुबे, जबलपुर, तृतीय पुरस्कार सर्वज्ञ शुक्ला इंदौर तथा सुगम संगीत गायन में प्रथम पुरस्कार पूर्वा मंडलोई इंदौर, द्वितीय पुरस्कार कीर्ति शर्मा इंदौर, तृतीय पुरस्कार प्रियंका नागवंशी श्री सिंगाजी पावर हाउस खंडवा को दिया गया।
सुगम गायन पुरुष में प्रथम पुरस्कार शेख गुलाम खान जबलपुर, द्वितीय पुरस्कार ओम प्रकाश मौर्य बिरसिंहपुर पावर हाउस, तृतीय पुरस्कार जितेंद्र मरावी श्री सिंगाजी पावर हाउस खंडवा को प्रदान किया गया।
इसी तरह शास्त्रीय गायन महिला में प्रथम पुरस्कार सुरभि अग्निहोत्री, द्वितीय पुरस्कार प्रियंका नागवंशी, तृतीय पुरस्कार पूर्वा मंडलोई को दिया गया। शास्त्रीय गायन पुरुष में प्रथम पुरस्कार राजेश जोशी उज्जैन, द्वितीय पुरस्कार अमरनाथ हिबराले श्री सिंगाजी पावर हाउस खंडवा, तृतीय पुरस्कार महेश कुमार जबलपुर को दिया।
उप शास्त्रीय वादन में प्रथम पुरस्कार जुगल किशोर गोदने इंदौर, द्वितीय पुरस्कार सौरभ दुबे इंदौर, तृतीय पुरस्कार अमरनाथ हिबराले श्री सिंगाजी को मिला।
वहीं ताल वादन में प्रथम पुरस्कार अमरनाथ हिबराले श्री सिंगाजी, द्वितीय पुरस्कार हरिमोहन कुशवाहा बिरसिंहपुर, तृतीय पुरस्कार राजेश जोशी उज्जैन को दिया गया।
शास्त्रीय स्वर वाद्य में प्रथम पुरस्कार निरंजनपुरी गोस्वामी जबलपुर, द्वितीय पुरस्कार अमरनाथ हिबराले श्री सिंगाजी तथा तृतीय पुरस्कार पियूष मांडके जबलपुर सेंट्रल ऑफिस को प्रदान किया गया।











