Friday, April 24, 2026
Homeमध्य प्रदेशरातभर 11 केवी लाइन से चिपका रहा आउटसोर्स बिजली कर्मी, अधिकारी घर...

रातभर 11 केवी लाइन से चिपका रहा आउटसोर्स बिजली कर्मी, अधिकारी घर में सोते रहे

आउटसोर्स बिजली कर्मी को 11 केवी लाइन में आए फाल्ट के सुधार का आदेश देकर जूनियर इंजीनियर घर जाकर सो गया, वहीं सुधार कार्य के दौरान अचानक बिजली आपूर्ति चालू होने से आउटसोर्स कर्मी करंट की चपेट में आ गया। करंट की चपेट में आए आउटसोर्स कर्मी को मौके पर मौत हो गई और वो रातभर पोल पर लटका रहा।

वहीं नियमानुसार हाईटेंशन लाइन में कार्य के दौरान जूनियर इंजीनियर को मौके पर उपस्थित रहना अनिवार्य है, लेकिन लाइन कर्मी को कार्य का आदेश देकर साहब घर जाकर सो गए।

मध्य प्रदेश विद्युत मंडल तकनीकी कर्मचारी संघ के प्रांतीय महासचिव हरेन्द्र श्रीवास्तव ने बताया कि 23 फरवरी 2025 को मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के जबलपुर ग्रामीण सर्किल के अधीक्षण अभियंता कार्यालय के अंतर्गत जबलपुर ग्रामीण डिविजन के कुंडम-बघराजी डीसी में कार्यरत ठेका कर्मी कौशल किशोर मार्को उम्र 42 वर्ष को जूनियर इंजीनियर के द्वारा आदेशित कर कहा गया कि तितलानी गांव में 11केवी लाइन फाल्ट हो गई है उसे सुधारना है।

जूनियर इंजीनियर के आदेश पर ठेका कर्मी कौशल किशोर रात लगभग 10 बजे पोल पर चढ़कर 11 केवी लाइन में सुधार कार्य कर रहा था, इसी दौरान अचानक बिजली सप्लाई चालू होने से ठेका कर्मी 11 केवी लाइन में चिपक गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

हरेन्द्र श्रीवास्तव ने बताया कि सुबह होने पर ग्रामीणों ने देखा की विद्युत पोल पर कोई आदमी चिपका है। ग्रामीणों के द्वारा बाघराजी डीसी के जूनियर इंजीनियर को इसकी सूचना दी गई। जिसके बाद आज सुबह पुलिस के सामने लाइन कर्मी का शव पोल से नीचे उतारा गया और डिंडोरी में रह रहे ठेका कर्मी के परिजनों को सूचना दी गई।

संघ के शशि उपाध्याय, दशरथ शर्मा, महेश पटेल, मोहन दुबे, राजकुमार सैनी, लखन सिंह राजपूत आदि ने पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी प्रबंधन से मांग की है कि आउटसोर्स कर्मी के परिवार के एक सदस्य को पिता के स्थान पर नौकरी पर रखा जावे एवं आउटसोर्स कर्मी को कैसे करंट लगा, इसकी निष्पक्ष जांच कर दोषी के ऊपर कार्यवाही की जाए।

Related Articles

Latest News