Monday, June 15, 2026
Homeमध्य प्रदेशमध्य प्रदेश में लोक निर्माण विभाग का अधिकारी 25 हजार रुपये की...

मध्य प्रदेश में लोक निर्माण विभाग का अधिकारी 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार

श्योपुर (हि.स.)। आर्थिक अपराध ब्यूरो (ईओडब्ल्यू) की टीम ने आज सोमवार को श्योपुर जिले के विजयपुर में लोक निर्माण विभाग के अनुविभागीय अधिकारी को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। लोक निर्माण विभाग एसडीओ देवदत्त शर्मा ने ठेकेदार से बिल पास करने के बदले रिश्वत की मांगी थी। जैसे ही आरोपित ने रिश्वत की रकम ली, वैसे ही टीम ने उसे पकड़ लिया।

ठेकेदार राजपाल धाकड़ ने बताया कि रेस्ट हाउस के रखरखाव कार्य के बिल पास करने के लिए अधिकारी ने 40 हजार रुपये मांगे थे, लेकिन 30 हजार रुपये देना तय हुआ। इसकी शिकायत ठेकेदार राजपाल धाकड़ और देवेंद्र धाकड़ ने ग्वालियर में ईओडब्ल्यू के पुलिस अधीक्षक से की थी।

शिकायत के बाद ईओडब्ल्यू ने कार्रवाई की योजना बनाई। योजना अनुसार सोमवार को कार्यवाहक निरीक्षक योंगेद्र दुबे के नेतृत्व में ईओडब्ल्यू और लोकायुक्त पुलिस टीम कार्रवाई करने विजयपुर पहुंची। टीम ने आवेदक राजपाल धाकड़ को केमिकल लगे 25 हजार रुपये देकर एसडीओे को देने के लिए घर भेजा।

जैसे ही राजपाल धाकड़ ने एसडीओ को रुपये दिए। संकेत मिलते ही टीम ने एसडीओ को रंगे हाथों पकड़ लिया। उसके पास से रिश्वत की राशि बरामद कर ली गई।

आरोपी एसडीओ देवदत्त शर्मा और सब इंजीनियर शैलेंद्र पचौरी के खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। एसडीओ को मौके पर ही जमानत पर छोड़ दिया गया।

Related Articles

Latest News