Homeराष्ट्रीयमौसम का पूर्वानुमान: 17 राज्यों में पहुँचा मॉनसून, उत्तर भारत में बढ़...

मौसम का पूर्वानुमान: 17 राज्यों में पहुँचा मॉनसून, उत्तर भारत में बढ़ सकता बारिश का इंतजार

Weather Update: देश के 17 प्रदेशों में मॉनसून ने दस्तक दे दी है। इन प्रदेशों में आंधी के साथ झमाझम बारिश हो रही है। वहीं मौसम विभाग (IMD) ने आज शुक्रवार के लिए 25 से ज्यादा राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार 24 से 29 मई तक भारत में 33% ज्यादा बारिश हो चुकी है।

केरल में 24 मई को मॉनसून ने दस्तक दी थी। इसके बाद अब तक मॉनसून कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी, आंध्र प्रदेश, गोवा, महाराष्ट्र, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, ओडिशा, मिजोरम, मणिपुर, नगालैंड, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय होते हुए त्रिपुरा पहुंच गया है। वहीं गुरुवार 29 मई को मॉनसून सिक्किम पार कर पश्चिम बंगाल के हिमालयी क्षेत्रों में पहुंच गया है।

मौसम विभाग के अनुसार आज शुक्रवार को बिहार और पश्चिम बंगाल के बचे हुए क्षेत्रों में मॉनसून पहुंच जाएगा। इसके बाद मॉनसून की रफ्तार थोड़ी धीमी हो जाएगी, क्योंकि बंगाल की खाड़ी में बना दबाव वाला क्षेत्र सागर द्वीप से होते हुए बांग्लादेश की ओर बढ़ेगा। यह डिप्रेशन उत्तर भारत की ओर मॉनसून को धकेलने के बजाय विपरीत दिशा में खींचेगा। इससे मानसून की गति धीमी हो जाएगी। इसका असर दो-तीन दिनों में दिखने लगेगा।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार मॉनसून पर एक हफ्ते से दस दिन का ब्रेक लग सकता है, जिससे मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तर भारत के कई हिस्सों में बारिश का इंतजार बढ़ सकता है।

इस बीच मौसम विभाग ने आज शुक्रवार 30 मई को दिल्ली, मध्य प्रदेश, कर्नाटक, मणिपुर, मिजोरम, असम, त्रिपुरा, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, अरुणाचल प्रदेश, केरल, बिहार, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, उत्तरप्रदेश, ओडिशा, तमिलनाडु, जम्मू कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, राजस्थान, पंजाब, चंडीगढ़ और हरियाणा में बारिश का अलर्ट जारी किया है।

Related Articles

Latest News