SHABD, नई दिल्ली: वाइस एडमिरल संजय वात्स्यायन ने आज भारतीय नौसेना के सह नौसेना अध्यक्ष (Vice Chief of Naval Staff) के रूप में पदभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पहुंचकर देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
एडमिरल वात्स्यायन 1988 एनडीए बैच के अधिकारी हैं और अपने तीन दशकों से अधिक के करियर में उन्होंने नौसेना के कई अहम दायित्व निभाए हैं। उन्होंने गाइडेड मिसाइल विध्वंसक पोत आईएनएस मैसूर, मिसाइल बोट आईएनएस निशंक और तटरक्षक पोत सीजीएस संग्राम के प्री-कमीशनिंग दल में सेवाएं दी हैं। इसके अलावा वह आईएनएस मैसूर के कार्यकारी अधिकारी के रूप में भी कार्य कर चुके हैं।
फरवरी 2020 में उन्होंने पूर्वी बेड़े के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग का कार्यभार संभाला था। उस दौरान गलवान घाटी में हुए तनाव के बाद बढ़ी समुद्री गतिविधियों के बीच उन्होंने नौसेना की कई अहम परिचालन तैनातियों और अभ्यासों का सफल नेतृत्व किया।










