Homeखास खबरत्योहारों पर रेलयात्रियों के लिए पूजा स्पेशल ट्रेनें लगाएंगी 2024 अतिरिक्त फेरे

त्योहारों पर रेलयात्रियों के लिए पूजा स्पेशल ट्रेनें लगाएंगी 2024 अतिरिक्त फेरे

त्योहार प्रारंभ होते ही रेलयात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी देखी जाती है। इसी बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए भारतीय रेल ने यात्रियों की सुविधा के लिए हजारों विशेष ट्रेन सेवाओं के संचालन का फैसला लिया है। बिहार जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए ही 12000 से अधिक ट्रेनों को चलाने की योजना बनाई जा चुकी है।

21 सितंबर से 30 नवंबर 2025 तक कुल 150 पूजा स्पेशल ट्रेनों का संचालन संबंधी अधिसूचना जारी कर दी गई है, जिनके माध्यम से कुल 2024 अतिरिक्त फेरे (ट्रिप्स) सुनिश्चित किए जाएंगे। विशेष रूप से उत्तर भारत, पूर्वी भारत और दक्षिण भारत के बड़े स्टेशनों से चलने वाली इन ट्रेनों से महानगरों और ग्रामीण इलाकों के बीच बेहतर संपर्क सुनिश्चित किया गया है।

पूजा स्पेशल इन ट्रेनों की श्रृंखला के तहत दक्षिण मध्य रेलवे द्वारा सर्वाधिक 48 ट्रेनें चलाई जाएंगी, जो 684 ट्रिप्स पूरा करेंगी। इन ट्रेनों का संचालन मुख्यतः हैदराबाद, सिकंदराबाद और विजयवाड़ा जैसे प्रमुख स्टेशनों से किया जाएगा।

पूर्व मध्य रेलवे ने 14 ट्रेनें अधिसूचित की हैं, जो पटना, गया, दरभंगा और मुज़फ़्फ़रपुर जैसे बिहार के प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेंगी और कुल 588 ट्रिप्स लगाएंगी।

पूर्व रेलवे द्वारा कोलकाता, सियालदह, हावड़ा जैसे भीड़भाड़ वाले स्टेशनों से 24 विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी, जिनके मदद से 198 ट्रिप्स संचालित होंगी। 

वहीं पश्चिम रेलवे ने मुंबई, सूरत, वडोदरा जैसे शहरों से 24 स्पेशल ट्रेनें घोषित की हैं जो 204 ट्रिप्स पूरी करेंगी। दक्षिण रेलवे द्वारा चेन्नै, कोयंबत्तूर, मदुरै जैसे स्टेशनों से 10 ट्रेनें चलाई जाएंगी, जिनसे 66 ट्रिप्स होंगी।

पश्चिम मध्य रेलवे से जबलपुर, भोपाल एवं कोटा जैसे स्टेशनों से 5 जोड़ी पूजा स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी, जिनसे 80 ट्रिप्स होंगी।

इसके अलावा पूर्व तट रेलवे से भुवनेश्वर, पुरी और सम्बलपुर, दक्षिण पूर्व रेलवे से रांची, टाटानगर, उत्तर मध्य रेलवे से प्रयागराज, कानपुर और दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से बिलासपुर, रायपुर जैसे स्टेशनों को जोड़ते हुए विशेष ट्रेनें संचालित की जाएंगी।

पश्चिम मध्य रेल की अधिसूचित पूजा स्पेशल ट्रेनें

* रानी कमलापति-दानापुर-रानी कमलापति पूजा स्पेशल ट्रेन (11-11 फेरे)

* जबलपुर-दानापुर-जबलपुर पूजा स्पेशल ट्रेन (12-12 फेरे)

* सोगरिया-दानापुर-सोगरिया पूजा स्पेशल ट्रेन (06-06 फेरे)

* रीवा-रानी कमलापति-रीवा पूजा स्पेशल ट्रेन (06-06 फेरे)

* रीवा-डॉ.अम्बेडकर नगर-रीवा पूजा स्पेशल ट्रेन (05-05 फेरे)

Related Articles

Latest News