Friday, October 23, 2026
Homeबॉलीवुडऐतिहासिक फिल्म 'महाकाली' से सिनेमाघरों में एक नए तूफान की तैयारी

ऐतिहासिक फिल्म ‘महाकाली’ से सिनेमाघरों में एक नए तूफान की तैयारी

तेजा सज्जा की ब्लॉकबस्टर ‘हनुमान’ देकर दर्शकों का दिल जीत चुके प्रशांत वर्मा अब अपनी अगली भव्य और ऐतिहासिक फिल्म ‘महाकाली’ से सिनेमाघरों में एक नए तूफान की तैयारी कर रहे हैं। इस प्रोजेक्ट को लेकर फिल्म जगत में पहले ही उत्साह चरम पर है। पिछले महीने जारी हुआ अक्षय खन्ना का शक्तिशाली फर्स्ट लुक, जिसमें वह शुक्राचार्य के रूप में नजर आए, सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था। अब निर्माताओं ने रोमांच का स्तर एक पायदान और ऊपर चढ़ा दिया है।

पोस्टर ने बढ़ाया रोमांच

प्रशांत वर्मा ने अपने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर करके सभी का ध्यान फिर से ‘महाकाली’ की ओर खींच लिया है। तस्वीर में सोने और कांच की चूड़ियों से सजा हुआ एक हाथ दिखाई देता है, मानो आग में तपकर शक्ति का रूप ले चुका हो। इस एक झलक ने ही दर्शकों की उत्सुकता को चरम पर पहुंचा दिया है, क्योंकि संकेत साफ है कि मंच तैयार है भारत की पहली महिला सुपरहीरो के आगमन के लिए। ‘महाकाली’ प्रशांत सिनेमैटिक यूनिवर्स की तीसरी फिल्म है।

हालांकि निर्देशक की कुर्सी इस बार पूजा अपर्णा कोल्लुरु संभाल रही हैं, लेकिन कहानी और स्क्रीनप्ले की डोर अभी भी प्रशांत वर्मा के हाथों में है। यही वजह है कि इस फिल्म से भी उसी नएपन और बड़े विजन वाली सिनेमाई दुनिया की उम्मीद की जा रही है, जिसे दर्शक उनके पिछले काम में देख चुके हैं।

हालांकि प्रमोशनल अपडेट्स लगातार आ रही हैं। मगर मेकर्स अभी तक इसकी रिलीज तारीख को गुप्त खजाने की तरह संभालकर बैठे हैं। यही रहस्य और जिज्ञासा इस फिल्म को और अधिक चर्चा में बनाए हुए है। बड़े सेट्स, पौराणिक कथानक और प्रभा­वशाली किरदारों से सजी ‘महाकाली’ को दर्शक अब सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि एक भव्य सिनेमाई अनुभव के रूप में देख रहे हैं। हर नया पोस्टर और अपडेट यह साफ कह रहा है कि प्रशांत वर्मा इस बार भी चौंकाने वाले हैं।

Related Articles

Latest News