Friday, April 24, 2026
Homeराष्ट्रीयकोहरा से पहले पूसीरे ने ट्रेन परिचालन को सुरक्षित रखने हेतु किए...

कोहरा से पहले पूसीरे ने ट्रेन परिचालन को सुरक्षित रखने हेतु किए पुख्ता इंतज़ाम

 (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) ने कोहरे और खराब मौसम के दौरान ट्रेन परिचालन को सुरक्षित रखने के लिए अपने सभी सुरक्षा उपायों को और अधिक सुदृढ़ कर दिया है। रेलवे बोर्ड के निर्देशों के अनुरूप, ज़ोन अब इंजनों में फॉग सेफ डिवाइस स्थापित कर रहा है, जिससे लोको पायलट कम विज़िबिलिटी में भी सिग्नल और ट्रैक मार्कर की पहचान सहजता से कर सकें।

कोहरे से पहले की तैयारियों में एनएफआर ने अपने ट्रैक और तकनीकी ढांचे को मज़बूत किया है। प्रमुख स्थानों पर विज़िबिलिटी बढ़ाने के लिए चूने से निशान लगाए गए हैं, सिग्नल साइटिंग बोर्ड और लेवल क्रॉसिंग गेट पर लूमिनस पट्टियां लगाई गई हैं, जबकि अंतिम कोचों में एलईडी आधारित फ्लैशर टेल लैंप सुनिश्चित किए गए हैं। कोहरे वाले सेक्शनों में रेट्रो-रिफ्लेक्टिव स्टॉप बोर्ड और अन्य उपकरणों की जांच के बाद उन्हें और बेहतर बनाया गया है, ताकि हर परिस्थिति में संरक्षा प्राथमिकता में बनी रहे।

परिचालन से जुड़े कदमों को भी उन्नत किया गया है। कम विज़िबिलिटी के दौरान भीड़ और जोखिम कम करने के लिए ट्रेनों की आवाजाही समायोजित की जा रही है। ज़ोनल ट्रेनिंग और पर्यवेक्षक प्रशिक्षण संस्थानों में लोको पायलट, असिस्टेंट लोको पायलट और गार्ड के लिए विशेष प्रशिक्षण व रिफ्रेशर कोर्स चल रहे हैं, जिनमें कोहरे की चुनौतियों का सामना करने पर विशेष फोकस है। क्रू चेंजिंग पॉइंट और लोको लिंक पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

महत्वपूर्ण स्टेशनों पर विज़िबिलिटी टेस्ट ऑब्जेक्ट (वीटीओ) लगाए जा रहे हैं या उनकी जांच की जा रही है, ताकि स्टेशन मास्टर को कोहरे की तीव्रता का सही आकलन मिल सके और वे ज़रूरत पड़ने पर फॉग सिग्नलमैन तैनात कर सकें या डेटोनेटर लगाने की व्यवस्था कर सकें।

एनएफआर ने यात्रियों को भरोसा दिलाया है कि कोहरे के मौसम में सुरक्षित और विश्वसनीय यात्रा के लिए सभी तकनीकी, परिचालन और संरक्षा उपाय सुनिश्चित कर दिए गए हैं और यात्रियों से आग्रह किया है कि वे आधिकारिक माध्यमों के ज़रिए अपडेट प्राप्त करते रहें।

Related Articles

Latest News