Monday, September 14, 2026
Homeराष्ट्रीयरक्षा मंत्री ने नीदरलैंड के विदेश मंत्री से मुलाकात कर रक्षा सहयोग...

रक्षा मंत्री ने नीदरलैंड के विदेश मंत्री से मुलाकात कर रक्षा सहयोग पर किया हस्ताक्षर

नई दिल्ली,(हि.स.)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को नीदरलैंड के विदेश मंत्री डेविड वान वील से मुलाकात की। दोनों मंत्रियों ने रक्षा उपकरणों के सह-विकास और सह-उत्पादन के लिए प्राथमिकता वाले क्षेत्रों सहित कई द्विपक्षीय सुरक्षा और रक्षा मुद्दों पर चर्चा की। दोनों मंत्रियों ने रक्षा सहयोग विकसित करने पर ध्यान केंद्रित करते हुए दोनों देशों की सेनाओं के बीच सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई।

इस मुलाकात में एक स्वतंत्र, खुले, समावेशी और नियम-आधारित हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लिए भारत और नीदरलैंड की साझा प्रतिबद्धता पर जोर दिया गया। दोनों मंत्रियों ने रक्षा साझेदारी और दोनों देशों के रक्षा उद्योगों, विशेष रूप से विशिष्ट प्रौद्योगिकी के क्षेत्र को जोड़ने की जरूरत पर जोर दिया। रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह और भारत में नीदरलैंड की राजदूत सुश्री मारिसा जेरार्ड्स ने दोनों मंत्रियों की उपस्थिति में दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग पर आशय पत्र का आदान-प्रदान किया।

रक्षा मंत्री ने कहा कि दोनों देश प्रौद्योगिकी सहयोग, सह-उत्पादन और प्लेटफार्मों एवं उपकरणों के सह-विकास के लिए रक्षा औद्योगिक रोडमैप विकसित कर पारस्परिक लाभ के लिए चिन्हित क्षेत्रों में रक्षा सहयोग की संभावनाओं का पता लगाना चाहते हैं। राजनाथ सिंह ने कहा कि दोनों देशों के लोगों के बीच संबंध बहुत मजबूत हैं और नीदरलैंड में बड़ी संख्या में प्रवासी भारतीय सेतु के रूप में दोस्ती को मजबूत कर रहे हैं।

Related Articles

Latest News