Friday, July 31, 2026
Homeमध्य प्रदेशSAF जवान ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, FSL में थी पोस्टिंग,पिता बोले...

SAF जवान ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, FSL में थी पोस्टिंग,पिता बोले भोपाल से किसी युवती का आया था फोन

सागर। एमपी के सागर स्थित ग्राम रैपुरा सुरखी में एसएएफ के एक जवान ने  देर रात घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने उसे फंदे पर झूलते देखा तो रस्सी काटकर अस्पताल ले गए। जहां पर डॉक्टरों ने जांच के बाद जवान को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार एसएएफ जवान महेंद्र पिता भैयालाल अहिरवार उम्र 35 वर्ष ग्राम रैपुरा का रहने वाला था। वह वर्तमान में एफएसएल सागर में अटैच था।

महेन्द्र बीती रात घर में अकेला रहा, इस दौरान उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जब परिवार के लोग कमरे में पहुंचे तो महेंद्र फंदे पर लटक रहा था।

उन्होंने तत्काल रस्सी काटी और उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां पर डाक्टरों ने जांच के बाद महेन्द्र को मृत घोषित कर दिया। मृतक के पिता भैयालाल अहिरवार ने बताया कि उनके दो बेटे हैं, जिनमें महेंद्र बड़ा था।

उसकी शादी हो चुकी है और उसके दो बच्चे हैं। पिता ने बताया कि घर में किसी प्रकार का कोई विवाद नहीं था। साथ ही उन्हें किसी तरह के विभागीय तनाव की भी जानकारी नहीं है।

पिता ने मामले में एक संदिग्ध पहलू बताया है। उनका कहना है कि भोपाल से एक युवती का फोन आया था। वह महेंद्र से बात कराने के लिए बोल रही थी।

पिता ने मांग की है कि मृतक बेटे के मोबाइल की कॉल डिटेल निकाली जानी चाहिए। उनका मानना है कि कॉल डिटेल से ही आत्महत्या का असली कारण सामने आ सकेगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आत्महत्या के कारणों की पड़ताल कर रही है।

Related Articles

Latest News