Monday, September 14, 2026
Homeमध्य प्रदेशमिक्सर मशीन ने एक्टिवा सवार महिलाओं को कुचला, एक की मौत, दूसरी...

मिक्सर मशीन ने एक्टिवा सवार महिलाओं को कुचला, एक की मौत, दूसरी गंभीर, विजय नगर क्षेत्र में हादसा

जबलपुर। एमपी के जबलपुर में विजय नगर स्थित सनातन चौक पर आज दोपहर 12 बजे के लगभग मिक्सर मशीन ने एक्टिवा सवार दो महिलाओं को टक्कर मारकर कुचल दिया।

हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरी महिला के शरीर पर गंभीर चोटें आई है,जिसे उपचार के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया। जहां पर हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार जीरो डिग्री की ओर आ रहा मिक्सर मशीन वाहन जैसे ही मुख्य मार्ग पर पहुंचा, तभी विपरीत दिशा से आ रही एक्टिवा सवार महिलाओं को टक्कर मार दी।

मिक्सर वाहन की टक्कर लगते ही दोनों महिलाएं एक्टिवा सहित सामने की ओर गिरी, जिन्हे वाहन कुचलते हुए निकल गया। हादसे में एक महिला सुषमा सतना निवासी झंडा चौक कांचघर की मौके पर ही मौत हो गई।

वहीं दूसरी महिला के शरीर पर गंभीर चोटें आई, हादसे को देख लोगों में चीख पुकार व अफरातफरी मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने मिक्सर को जब्त कर चालक की सरगर्मी से तलाश शुरु कर दी है।

घायल महिला को मेडिकल अस्पताल पहुंचाया गया है। जहां पर महिला की हालत नाजुक बनी हुई है।

घटना को लेकर स्थानीय निवासियों में इस हादसे के बाद भारी आक्रोश हैय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में भारी वाहनों की अनियंत्रित गति अक्सर हादसों का कारण बनती है।

Related Articles

Latest News