Jabalpur ट्रेनों की लेटलतीफी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। जबलपुर पहुंचने वाली कई ट्रेनें लगातार 8 घंटे या उससे अधिक की देरी से चल रही हैं, जिससे यात्रियों की परेशानी बढ़ती जा रही है। सबसे खराब स्थिति स्पेशल ट्रेनों की है, जो समय पर संचालन के बजाय लगातार विलंब का रिकॉर्ड बना रही हैं।
महाराष्ट्र और गुजरात में भारी बारिश के कारण कुछ ट्रेनों के प्रभावित होने की वजह समझ में आती है, लेकिन कई अन्य ट्रेनों की देरी का स्पष्ट कारण रेलवे यात्रियों को नहीं बता पा रहा है। नियमित ट्रेनों में आरक्षण नहीं मिलने पर यात्री मजबूरी में स्पेशल ट्रेनों का सहारा लेते हैं, लेकिन इनका भी समय पर संचालन नहीं हो रहा।
रविवार, 26 जुलाई को भी कई ट्रेनें घंटों की देरी से जबलपुर पहुंचीं। वहीं शनिवार, 25 जुलाई को वेरावल–जबलपुर सोमनाथ एक्सप्रेस करीब 8 घंटे की देरी से स्टेशन पहुंची, जिससे यात्रियों को लंबे इंतजार और असुविधा का सामना करना पड़ा।
ये गाडिय़ां विलंब से जबलपुर पहुंच रहीं
निजामुद्दीन–जबलपुर सुपरफास्ट (12191) करीब 5 घंटे 30 मिनट, पुणे–दानापुर स्पेशल (01449) 4 घंटे 45 मिनट, दानापुर–बलसाड स्पेशल (09026) 8 घंटे 40 मिनट, कोयम्बटूर–जबलपुर स्पेशल (02197) 6 घंटे 35 मिनट तथा बेंगलुरु–दानापुर स्पेशल (03252) 7 घंटे 20 मिनट की देरी से चलीं।
लगातार घंटों की देरी के कारण यात्रियों को स्टेशन पर लंबा इंतजार करना पड़ा, जिससे उनकी यात्रा योजनाएं भी प्रभावित हुईं। रेलवे की ओर से अधिकांश ट्रेनों की देरी के संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं मिलने से यात्रियों में नाराजगी भी देखने को मिली।











