ज़ी टीवी पर प्रसारित हो रहे धारावाहिक “लक्ष्मी निवास” को लेकर जबलपुर में जबरदस्त विवाद खड़ा हो गया है। मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के अधिवक्ता विवेक तिवारी ने धारावाहिक में दिखाए गए कथित आपत्तिजनक दृश्यों को लेकर प्रोडक्शन हाउस, निर्देशक और ज़ी टीवी चैनल को लीगल नोटिस भेजा है।
नोटिस में आरोप लगाया गया है कि धारावाहिक में विश्व प्रसिद्ध 64 योगिनी मंदिर (भेड़ाघाट) और पवित्र ग्वारीघाट (मां नर्मदा तट) जैसे धार्मिक स्थलों को गलत, अशोभनीय और आपत्तिजनक तरीके से दिखाया गया है, जिससे सनातन हिंदू समाज की धार्मिक भावनाएं गंभीर रूप से आहत हुई हैं।
लीगल नोटिस के अनुसार, धारावाहिक के एक दृश्य में नायिका को 64 योगिनी मंदिर परिसर के भीतर ही मनचलों द्वारा छेड़छाड़ करते हुए दिखाया गया है। अधिवक्ता विवेक तिवारी का कहना है कि शक्ति उपासना के केंद्र में इस तरह के दृश्य दिखाना धार्मिक स्थलों की गरिमा का अपमान है।
नोटिस में कहा गया है कि सनातन धर्म में 64 योगिनी शक्ति और मातृ स्वरूप का प्रतीक हैं। ऐसे पवित्र स्थल पर अभद्रता दिखाना न केवल आपत्तिजनक है, बल्कि धार्मिक आस्था पर सीधा आघात है। विवाद यहीं तक सीमित नहीं है। नोटिस में आरोप लगाया गया है कि धारावाहिक में ग्वारीघाट, जो मां नर्मदा का अत्यंत पवित्र क्षेत्र है, वहां भी छेड़छाड़ से जुड़े दृश्य फिल्माए और प्रसारित किए गए हैं।








