Thursday, October 22, 2026
Homeखेलऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 से पहले बोले जोकोविच-‘मैं अब भी किसी को भी...

ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 से पहले बोले जोकोविच-‘मैं अब भी किसी को भी हरा सकता हूं’

मेलबर्न,(हि.स.)। सर्बिया के दिग्गज टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविच ने शनिवार को कहा कि पैरों में थोड़ी कमी के बावजूद वह ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 का खिताब जीतने की चुनौती पेश करने को लेकर पूरी तरह आत्मविश्वासी हैं। 38 वर्षीय जोकोविच का मानना है कि अगर सब कुछ उनके पक्ष में रहा तो वह अब भी किसी भी खिलाड़ी को हराने में सक्षम हैं।

जोकोविच रिकॉर्ड बढ़ाते हुए 11वां ऑस्ट्रेलियन ओपन खिताब और ऐतिहासिक 25वां ग्रैंड स्लैम जीतने की कोशिश में हैं। ऐसा करने पर वह ऑस्ट्रेलिया की मार्गरेट कोर्ट को पीछे छोड़ देंगे। हालांकि मौजूदा समय में विश्व नंबर-1 यैनिक सिनर और कार्लोस अल्कराज कड़े चुनौतीकर्ता बने हुए हैं, जिन्होंने हाल के वर्षों में ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंटों में दबदबा बनाया है।

वर्तमान में विश्व रैंकिंग में चौथे स्थान पर काबिज जोकोविच ने पिछले साल चारों ग्रैंड स्लैम में सेमीफाइनल तक का सफर तय किया था। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी के उभार के बावजूद उनके खेल पर उनका भरोसा बरकरार है।

टूर्नामेंट की पूर्व संध्या पर जोकोविच ने कहा, “जब मैं पूरी तरह फिट रहता हूं और किसी दिन अपने खेल के सभी पहलुओं को जोड़ पाता हूं, तो मुझे अब भी लगता है कि मैं किसी को भी हरा सकता हूं। अगर मुझे ऐसा विश्वास नहीं होता, तो मैं यहां प्रतिस्पर्धा करने नहीं आता। मेरे अंदर अब भी वही जज्बा है।”

जोकोविच ने माना कि फिलहाल सिनर और अल्कराज बाकी खिलाड़ियों से एक स्तर ऊपर खेल रहे हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि अन्य खिलाड़ियों के पास मौका नहीं है। उन्होंने कहा, “यह सच है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि और कोई जीत नहीं सकता। खासकर मेलबर्न में, मुझे किसी भी टूर्नामेंट में अपनी संभावनाएं पसंद हैं।”

पिछले दो वर्षों से 25वें ग्रैंड स्लैम की तलाश में जुटे जोकोविच ने कहा कि वह खुद पर इस लक्ष्य का दबाव नहीं डालना चाहते। उन्होंने कहा, “25वें खिताब को लेकर काफी बातें हो रही हैं, लेकिन मैं इस पर ध्यान देने की कोशिश करता हूं कि मैंने अब तक क्या हासिल किया है। 24 भी कोई बुरा आंकड़ा नहीं है। मुझे अपने करियर की सराहना करनी चाहिए और खुद पर अनावश्यक दबाव कम करना चाहिए।”

पूर्व विश्व नंबर-1 जोकोविच ने नवंबर की शुरुआत में एथेंस में लोरेंजो मुसेटी को फाइनल में हराने के बाद से कोई टूर-स्तरीय मुकाबला नहीं खेला है। इस महीने की शुरुआत में उन्होंने मामूली शारीरिक समस्या के चलते एडिलेड इंटरनेशनल से नाम वापस ले लिया था और स्वीकार किया कि वह अब शारीरिक रूप से अपने सर्वश्रेष्ठ दौर में नहीं हैं।

जोकोविच ने कहा, “ईमानदारी से कहूं तो ग्रैंड स्लैम के अंतिम चरणों में इन खिलाड़ियों के साथ मुकाबला करने के लिए पैरों में थोड़ी ताकत की कमी महसूस होती है, लेकिन मैं अपना सर्वश्रेष्ठ दे रहा हूं और अभी भी खुद को प्रतिस्पर्धा में बनाए रखने की कोशिश कर रहा हूं।”

जोकोविच सोमवार को 71वीं रैंकिंग वाले स्पेन के पेड्रो मार्टिनेज के खिलाफ मुकाबले से अपने ऑस्ट्रेलियन ओपन अभियान की शुरुआत करेंगे और एक बार फिर मेलबर्न में खिताबी चुनौती पेश करने की कोशिश करेंगे।

Related Articles

Latest News