Thursday, April 30, 2026
Homeमध्य प्रदेशटैंकर के कुचलने से एक्टिवा सवार युवक की मौत, पुलिस ने पीछा...

टैंकर के कुचलने से एक्टिवा सवार युवक की मौत, पुलिस ने पीछा करते हुए चालक को पकड़ा

जबलपुर। एमपी के जबलपुर स्थित रांझी क्षेत्र में पेट्रोल टेंकर ने एक्टिवा सवार युवक रिंकू चौरसिया को टक्कर मारकर कुचल दिया। हादसे में युवक रिंकू की मौके पर मौत हो गई।

हादसे को देख लोगों में चीख पुकार मच गई, लोगों ने पुलिस को सूचना देते हुए आक्रोश जताया।
बताया गया है कि गांधी व्यायाम शाला रांझी के पास रहने वाले रिंकू चौरसिया एक्टिवा से गोकलपुर से घर की ओर जा रहे थे।

जब वे रांझी पहुंचे तभी सामने से आए पेट्रोल टेंकर के चालक ने टक्कर मार दी। टेंकर की टक्कर लगते ही रिंकू एक्टिवा सहित सामने की ओर गिरा, जिसे कुचलते हुए टेंकर चालक निकल गया।

हादसे को देख राह चलते लोगों सहित आसपास के लोगों में चीख पुकार मच गई। देखते ही देखते लोगों की भीड़ जमा हो गई। खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए, जिन्होने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर चालक का पीछा शुरु कर दिया।

कुछ दूर जाने के बाद पुलिस ने टेंकर चालक को पकड़ लिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे की बड़ी वजह इलाके में नगर निगम द्वारा चल रहा पाइपलाइन बिछाने का काम है।

यह काम कई महीनों से चल रहा है, जिसके चलते सड़क पर एक तरफ से ही आवागमन चालू है। इससे न सिर्फ आए दिन ट्रैफिक जाम की स्थिति बनती है, बल्कि दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है।

Related Articles

Latest News