HomeबॉलीवुडBigg Boss 20: लव गिल को नॉमिनेट करने के बाद भावुक हुए...

Bigg Boss 20: लव गिल को नॉमिनेट करने के बाद भावुक हुए स्काउट ओपी, बोले- ‘तू हमेशा मेरी बहन रहेगी

रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ में स्काउट ओपी और लवप्रीत गिल की दोस्ती को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। नॉमिनेशन टास्क में लव गिल को नॉमिनेट करने के बाद स्काउट ने उनसे दूरी बना ली थी, लेकिन अब वह खुद लव से बातचीत करने पहुंचे। इस बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें स्काउट भावुक अंदाज में लव से कहते नजर आते हैं कि वह हमेशा उनकी बहन रहेंगी। हालांकि, स्काउट के इस कदम ने घरवालों के साथ-साथ सोशल मीडिया यूजर्स के बीच भी नई बहस छेड़ दी है।
रोहित शेट्टी ने दोस्ती को लेकर दिया था रियलिटी चेक
इस हफ्ते के ‘वीकेंड का वार’ में सलमान खान की जगह रोहित शेट्टी ने शो की जिम्मेदारी संभाली। इस दौरान उन्होंने स्काउट ओपी और लवप्रीत गिल की दोस्ती पर सवाल उठाते हुए दोनों के रिश्ते को लेकर अपनी बात रखी। वहीं, वीकेंड का वार के दूसरे दिन स्काउट की गर्लफ्रेंड काश्वी हीरानंदानी घर में पहुंचीं। उन्होंने स्काउट को लव के साथ उनकी दोस्ती को लेकर फटकार लगाई और इस रिश्ते से दूरी बनाने की सलाह दी। इसके बाद स्काउट ने करीब दो दिनों तक लव से बातचीत नहीं की।
लव से बोले स्काउट- ‘तू हमेशा मेरी बहन रहेगी’

अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में स्काउट ओपी एक्सरसाइज कर रहीं लवप्रीत गिल से बात करने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं। शुरुआत में लव उन्हें नजरअंदाज करती हैं, लेकिन स्काउट उनके पास जाकर अपने दिल की बात कहते हैं। वह कहते हैं कि उन्हें नहीं पता कि लव उन्हें भाई मानती हैं या नहीं, लेकिन उनकी नजर में लव हमेशा उनकी बहन रहेंगी। स्काउट आगे बताते हैं कि कुछ बातों से उन्हें बुरा लगा था, जिसके चलते उन्होंने लव से दूरी बना ली। हालांकि, उन्हें इस बात का एहसास है कि उनके इस व्यवहार से लव को भी दुख पहुंचा होगा। वह लव से बैठकर बात करने के लिए कहते हैं। इस दौरान लव हंसती हुई नजर आती हैं।

उदिति और अरिश्फा ने स्काउट के कदम पर उठाए सवाल

स्काउट और लवप्रीत की बातचीत देखकर घर की अन्य सदस्य उदिति और अरिश्फा भी इस मामले पर चर्चा करती हैं। दोनों का मानना है कि जब काश्वी पहले ही इस दोस्ती को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर कर चुकी हैं, तो स्काउट को दोबारा लव से बातचीत नहीं करनी चाहिए थी। वहीं, गुल्लू और माही के बीच भी इस मुद्दे पर चर्चा होती है। गुल्लू का कहना है कि स्काउट को अपने पार्टनर की भावनाओं का ध्यान रखना चाहिए था। दूसरी ओर, काजी का कहना है कि उन्होंने स्काउट को पहले ही समझाया था कि लव से बात करने में कोई बुराई नहीं है, लेकिन माही उनकी बात से सहमत नजर नहीं आतीं।

लव को नॉमिनेट करने के फैसले से भी मचा था बवाल

गौरतलब है कि वीकेंड का वार के बाद हुए नॉमिनेशन टास्क में स्काउट ओपी ने अपनी करीबी दोस्त लवप्रीत गिल को ही नॉमिनेट कर दिया था। स्काउट के इस फैसले से लव काफी भावुक हो गई थीं और फूट-फूटकर रोने लगी थीं। अब नॉमिनेट करने के बाद स्काउट का खुद लव के पास जाकर बातचीत करना दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बन गया है। सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स स्काउट के व्यवहार की आलोचना करते हुए उन्हें ‘नौटंकीबाज’ और ‘चालाक’ बता रहे हैं, जबकि घर के अंदर भी इस मुद्दे पर अलग-अलग राय सामने आ रही हैं। ऐसे में अब सभी की नजरें आने वाले एपिसोड पर टिकी हैं कि स्काउट और लवप्रीत की दोस्ती फिर से पहले जैसी हो पाती है या नहीं।

Related Articles

Latest News