Wednesday, July 22, 2026
HomeखेलT20 विश्व कप 2026 में पाकिस्तान की भागीदारी पर सस्पेंस बरकरार, सरकार...

T20 विश्व कप 2026 में पाकिस्तान की भागीदारी पर सस्पेंस बरकरार, सरकार के फैसले का इंतजार

नई दिल्ली,(आईएएनएस)। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने टी20 विश्व कप 2026 के लिए अपनी टीम की घोषणा कर दी है, लेकिन इसके बावजूद टूर्नामेंट में पाकिस्तान की भागीदारी को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने स्पष्ट किया है कि टीम का ऐलान विश्व कप में खेलने की पुष्टि नहीं माना जाना चाहिए।

एक रिपोर्ट के अनुसार, टीम घोषित होने के बाद पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने चयनित खिलाड़ियों और हेड कोच माइक हेसन के साथ लाहौर में बंद कमरे में बैठक की। इस बैठक में खिलाड़ियों को बोर्ड के मौजूदा रुख और इस पूरे मामले में पाकिस्तान सरकार की भूमिका से अवगत कराया गया।

बैठक के दौरान नकवी ने खिलाड़ियों से कहा, “हम सरकार की सलाह का इंतजार कर रहे हैं। सरकार जो भी निर्णय लेगी, पीसीबी उसका पालन करेगी। यदि सरकार विश्व कप में हिस्सा न लेने का फैसला करती है, तो टीम टूर्नामेंट में नहीं जाएगी।”

रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि बैठक के दौरान खिलाड़ियों को बांग्लादेश के समर्थन में पीसीबी के रुख की जानकारी दी गई। बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत जाने से इनकार किया था, जिसे पाकिस्तान ने आईसीसी का अनुचित निर्णय बताया है।

बताया जा रहा है कि खिलाड़ियों ने इस मुद्दे पर बोर्ड और सरकार का समर्थन जताया है। खिलाड़ियों का कहना है कि जो भी अंतिम फैसला लिया जाएगा, वे उसके साथ खड़े रहेंगे। पाकिस्तान की ओर से इस पूरे मामले पर सोमवार को अंतिम निर्णय की घोषणा किए जाने की संभावना है।

मीडिया से बातचीत में मोहसिन नकवी ने रविवार को कहा कि पीसीबी अब भी पाकिस्तान सरकार के अंतिम निर्णय की प्रतीक्षा कर रही है। उन्होंने बताया कि इस स्थिति से खिलाड़ियों को भी पूरी तरह अवगत करा दिया गया है।

गौरतलब है कि टी20 विश्व कप 2026 में पाकिस्तान को ग्रुप ए में भारत, नामीबिया, अमेरिका और नीदरलैंड के साथ रखा गया है। भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होने वाले इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान को अपने सभी मुकाबले श्रीलंका में खेलने हैं।

यदि पाकिस्तान टूर्नामेंट से हटने का फैसला करता है, तो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) उस पर कड़े प्रतिबंध लगा सकती है। ऐसी स्थिति में विश्व कप में पाकिस्तान की जगह युगांडा को शामिल किए जाने की संभावना जताई जा रही है।

Related Articles

Latest News