जबलपुर। करोड़ों रूपए की वसूली करने वाले अभियंताओं और पावर शेड्यूल व अतिशेष बिजली को रियल टाइम मैनेजमेंट के माध्यम से विक्रय करने का उत्कृष्ट कार्य करने वाले पावर मैनेजमेंट कंपनी के अभियंताओं व कार्मिकों को गत दिवस प्रदेश के ऊर्जा सचिव व एमपी पावर मैनेजमेंट कंपनी के प्रबंध संचालक विशेष गढ़पाले ने प्रशस्ति पत्र व प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी के प्रबंध संचालक मनजीत सिंह, पावर ट्रांसमिशन कंपनी के प्रबंध संचालनक सुनील तिवारी, एमपी पावर मैनेजमेंट कंपनी के कार्यपालक निदेशक मानव संसाधन व प्रशासन राजीव गुप्ता सहित विद्युत कार्मिक उपस्थित थे।
पावर मैनेजमेंट कंपनी के महाप्रबंधक रवीन्द्र कुमार खरे व प्रबंधक अंजली शुक्ला को उत्तरप्रदेश पावर कार्पोरेशन द्वारा रिहंद व माताटीला विद्युत उत्पादन गृहों से वर्ष 1988 से 2008 के बीच विद्युत प्रदाय न किए जाने के परिणामस्वरूप में क्षतिपूर्ति राशि के ऊपर शेष देय ब्याज की राशि 83.21 करोड़ रूपए की वसूली करने में महत्वपूर्ण कार्य करने व योगदान देने के लिए मुख्य अतिथि विशेष गढ़पाले ने पुरस्कृत किया।
कुछ ऐसे ही उत्कृष्ट व विशिष्ट कार्य करने वाले जिन अभियंताओं व कामिकों को पुरस्कृत किया गया उनमें हैं- महाप्रबंधक रवीन्द्र कुमार खरे, महाप्रबंधक निशांत सिसोदिया, सुरक्षा अधिकारी आरएन यादव, उप महाप्रबंधक अरूण जोठे, लेखाधिकारी आकाश बोहत, चार्टर्ड अकाउंटेड निशी जैन, सहायक अभियंता संघमित्रा बागड़े, मैनेजर अंजली शुक्ला, मैनेजर अमरनाथ ताम्रकार, मैनेजर राकेश कुमार शाह, अनुभाग अधिकारी हरि नारायण कोरी, कार्यालय सहायक अजय उशेकवार एवं वाहन चालक प्रवीण शुक्ला व आनंद वर्मा।











