Wednesday, July 22, 2026
Homeखेलभारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार से पाकिस्तान को भारी नुकसान तय

भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार से पाकिस्तान को भारी नुकसान तय

नई दिल्ली. टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने का पाकिस्तान सरकार का फैसला अब पाकिस्तानी क्रिकेट पर भारी पड़ता दिख रहा है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने सरकार के इस फैसले का समर्थन जरूर किया है, लेकिन इसके चलते पाकिस्तान को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शर्मिंदगी का भी सामना करना पड़ सकता है।

ICC ने पाकिस्तान को दिया आखिरी मौका

आईसीसी ने पाकिस्तान से अपने फैसले पर पुनर्विचार करने को कहा है। अगर पाकिस्तान अपने रुख पर कायम रहता है, तो उसे करोड़ों रुपये के राजस्व का नुकसान होगा। इसके अलावा, पूरी दुनिया के सामने पाकिस्तान को वॉकओवर के जरिए हार झेलनी पड़ेगी।

भारत तय कार्यक्रम के अनुसार श्रीलंका जाएगा

समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, बीसीसीआई के सूत्रों ने स्पष्ट किया है कि पाकिस्तान के बहिष्कार के बावजूद भारतीय टीम तय कार्यक्रम के अनुसार श्रीलंका जाएगी। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली टीम आईसीसी के सभी नियमों और प्रोटोकॉल का पालन करेगी।

एक सूत्र ने कहा,
“टीम इंडिया श्रीलंका जाएगी, अभ्यास करेगी, प्री-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल होगी और तय समय पर स्टेडियम पहुंचेगी। इसके बाद मैच रेफरी के आधिकारिक फैसले का इंतजार किया जाएगा।”

टॉस के लिए आएंगे सूर्यकुमार यादव

आईसीसी के नियमों के मुताबिक, वॉकओवर तभी दिया जाता है जब कोई टीम टॉस के लिए मैदान पर नहीं आती। ऐसे में 15 फरवरी को आर. प्रेमदासा स्टेडियम में सूर्यकुमार यादव टॉस के लिए मैदान पर आएंगे।
यदि उस समय पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा मैदान पर नहीं पहुंचते हैं, तो मैच रेफरी भारत को वॉकओवर देगा और भारत को पूरे दो अंक मिल जाएंगे।

बांग्लादेश प्रकरण से जुड़ा है पूरा मामला

इससे पहले आईसीसी ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए बांग्लादेश की भारत के खिलाफ मैच को श्रीलंका शिफ्ट करने की मांग खारिज कर दी थी। इसके बाद बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया।
बांग्लादेश के समर्थन में पाकिस्तान ने टी20 वर्ल्ड कप के बहिष्कार की धमकी दी थी, लेकिन अब उसने सीधे भारत के खिलाफ मैच खेलने से इनकार कर दिया है।

ICC ने पाकिस्तान को चेताया

आईसीसी पाकिस्तान के इस फैसले से नाखुश है। आईसीसी ने अपने बयान में कहा,
“आईसीसी को उम्मीद है कि पीसीबी अपने देश में क्रिकेट पर पड़ने वाले दीर्घकालिक और गंभीर प्रभावों पर विचार करेगा, क्योंकि यह फैसला वैश्विक क्रिकेट व्यवस्था को नुकसान पहुंचा सकता है।”

आईसीसी ने आगे कहा,
“हालांकि आईसीसी राष्ट्रीय नीतियों में सरकारों की भूमिका का सम्मान करता है, लेकिन यह फैसला न तो वैश्विक क्रिकेट के हित में है और न ही दुनिया भर के क्रिकेट प्रशंसकों, खासकर पाकिस्तान के लाखों फैंस के हित में।”

Related Articles

Latest News