Saturday, June 6, 2026
Homeखेलशिवम दुबे बने टीम इंडिया के नए मैच विनर,बल्ले और गेंद से...

शिवम दुबे बने टीम इंडिया के नए मैच विनर,बल्ले और गेंद से धमाल

नई दिल्ली। टीम इंडिया को टी20 वर्ल्ड कप में लगातार सफलता दिलाने में शिवम दुबे का योगदान बेहद अहम रहा है। अपने ऑलराउंड प्रदर्शन से उन्होंने एक बार फिर साबित किया है कि दबाव की परिस्थितियों में पारी संभालना उन्हें बखूबी आता है।

नीदरलैंड्स के खिलाफ धमाकेदार अर्धशतक

नीदरलैंड्स के खिलाफ मुकाबले में जब भारतीय टीम 69 रन पर तीन बड़े विकेट गंवाकर संकट में थी, तब दुबे ने क्रीज पर कदम रखा। उन्होंने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए महज 31 गेंदों में 66 रन ठोक डाले। उनकी इस पारी की बदौलत भारत 193 रन तक पहुंच सका।

सिर्फ बल्लेबाजी ही नहीं, गेंदबाजी में भी दुबे ने दो विकेट लेकर टीम को इस टी20 वर्ल्ड कप में लगातार चौथी जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

अहम मौकों पर भरोसेमंद बल्लेबाज

दुबे का यह प्रदर्शन कोई इत्तेफाक नहीं है। पाकिस्तान के खिलाफ उन्होंने 17 गेंदों में 27 रन की तेज पारी खेली, जबकि नामीबिया के खिलाफ 16 गेंदों में 23 रन बनाए। एक मुकाबले में हार्दिक पांड्या के साथ उनकी 39 गेंदों में 81 रन की साझेदारी ने टीम को मुश्किल हालात से बाहर निकाला।

बड़े टूर्नामेंट में लगातार असर

एशिया कप 2025 के फाइनल में दुबे ने 22 गेंदों पर 33 रन की उपयोगी पारी खेली, जिससे टीम सम्मानजनक स्कोर तक पहुंची।

वहीं आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2024 के फाइनल में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 16 गेंदों में 27 रन बनाकर उन्होंने अहम योगदान दिया। उस मैच में विराट कोहली के साथ उनकी अर्धशतकीय साझेदारी निर्णायक साबित हुई। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 22 गेंदों में 28 रन की पारी ने भी मुकाबले का रुख भारत की ओर मोड़ दिया था।

लगातार बड़े मंच पर प्रभाव छोड़ते हुए शिवम दुबे अब टीम इंडिया के भरोसेमंद ऑलराउंडर के रूप में उभर चुके हैं। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भी उनसे ऐसे ही दमदार प्रदर्शन की उम्मीद की जाएगी।

Related Articles

Latest News