Tuesday, September 15, 2026
Homeमध्य प्रदेशआरटीओ के हनुमना चेक पोस्ट पर अवैध वसूली पर ट्रक चालक भड़के,...

आरटीओ के हनुमना चेक पोस्ट पर अवैध वसूली पर ट्रक चालक भड़के, झोपड़ी में लगाई आग

मऊगंज। मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले में स्थित हनुमना आरटीओ चेकिंग पॉइंट पर 20 फरवरी शुक्रवार की देर रात उस समय भारी हंगामा हो गया जब ट्रक ड्राइवरों ने आरटीओ कर्मचारियों पर अवैध वसूली और प्रताडऩा का आरोप लगाते हुए मोर्चा खोल दिया।

देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि ड्राइवरों ने चेकिंग पॉइंट के पास बनी कर्मचारियों की अस्थाई झोपड़ी और कुर्सियों को आग के हवाले कर दिया। घटना उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश की सीमा के समीप हनुमना बॉर्डर की है।

जानकारी के अनुसार, आरटीओ द्वारा यहां नियमित चेकिंग पॉइंट लगाया जाता है। गत शुक्रवार को चेकिंग के दौरान कर्मचारियों ने वहां से गुजर रहे दो ट्रकों को जांच के लिए रोका। इसी दौरान भैंसोड़ निवासी चालक दीपक यादव अपने एक अन्य साथी के साथ वहां पहुंचा और आरटीओ कर्मचारियों के साथ उसकी तीखी बहस हो गई।

ड्राइवरों का आरोप था कि चेकिंग के नाम पर उनसे अवैध वसूली की जा रही है और अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है। विवाद के दौरान दीपक ने अपना वाहन बीच सड़क पर खड़ा कर दिया, जिससे वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।

आगजनी और हंगामा

सड़क जाम होने के बाद देखते ही देखते बड़ी संख्या में अन्य ट्रक चालक भी वहां जमा हो गए। आक्रोशित भीड़ ने आरटीओ कर्मचारियों की मनमानी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हंगामे के दौरान ही कुछ लोगों ने कर्मचारियों की झोपड़ी में आग लगा दी, जिससे वहां रखी कुर्सियां और अन्य सामान जलकर खाक हो गया।

पुलिस ने की कार्रवाई, मामला दर्ज

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम भारी बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने उग्र ड्राइवरों को समझाइश देकर शांत कराया और लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद सड़क से ट्रक हटवाकर जाम खुलवाया।

इस मामले में आरटीओ चेक पोस्ट प्रभारी की शिकायत पर पुलिस ने दीपक यादव सहित तीन ट्रक ड्राइवरों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं ट्रक ड्राइवरों ने चेतावनी दी है कि यदि बॉर्डर पर अवैध वसूली बंद नहीं हुई तो वे फिर से आंदोलन करेंगे।

Related Articles

Latest News