Homeमध्य प्रदेशआयकर अधिकारी बनकर ठेकेदार के घर में घुसे बदमाश, जांच के नाम...

आयकर अधिकारी बनकर ठेकेदार के घर में घुसे बदमाश, जांच के नाम पर 50 तोला सोना, 3 लाख कैश लेकर भागे

धार. एमपी के धार जिले में फिल्म स्पेशल 26 की तर्ज पर बदमाशों ने लूट की एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। बदमाश खुद को इनकम टैक्स अधिकारी बताकर धड़धड़ाते हुए एक ठेकेदार के घर में दाखिल हुए और ठेकेदार के पूरे परिवार को घर के एक कमरे में बंद कर घर से 50 तोला सोना और तीन लाख रुपये नकद और मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए।

वारदात शुक्रवार 13 मार्च की सुबह करीब 10 बजे की है, जब तक ठेकेदार व उनके परिवार वालों को अपने साथ हुई घटना का एहसास होता बदमाश लूट कर फरार हो चुके थे।

इनकम टैक्स अधिकारी बनकर घर में घुसे

धार जिले के बाग में ब्राह्मण मोहल्ले में रहने वाले ठेकेदार राजकुमार मालवी के घर में सुबह 10 बजे 5 बदमाश खुद को इनकम टैक्स अधिकारी बनकर एक स्कॉर्पियो गाड़ी से पहुंचे।

इनमें से 2 पुलिस वर्दी में, तीन सादी ड्रेस में थे। बदमाशों ने ठेकेदार राजकुमार मालवी को घर पर इनकम टैक्स की रेड पडऩे का झांसा दिया और कहा कि आपके पास ब्लैक मनी होने की शिकायत मिली है, हम इसकी जांच करने आए हैं। इतना कहने के बाद पांचों घर की तलाशी लेने लगे।

बदमाशों ने ठेकेदार की पत्नी से अलमारी की चाबी ली और अलमारी में से 50 तोला सोने के जेवरात व 3 लाख रुपये नकद निकाल लिए।

पूरे परिवार को कमरे में बंद कर भाग निकले

अलमारी से जेवरात व नकद निकालने के बाद बदमाशों ने ठेकेदार राजकुमार मालवी और उनकी पत्नी कृष्णा मालवी को घर के ही एक कमरे में बंद कर दिया। दंपति को कमरे में बंद करने के साथ ही बदमाशों ने उनके मोबाइल भी ले लिए और फिर घर का ताला बाहर से लगाकर फरार हो गए।

इसके बाद ठेकेदार राजकुमार मालवी ने शोर मचाया तो मोहल्ले के लोग वहां पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और घर के बाहर लगे ताले को तोड़कर ठेकेदार व उनकी पत्नी को बाहर निकाला।

ठेकेदार के घर हुई लूट का पता चलते ही पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घर का निरीक्षण किया। पुलिस को ठेकेदार के घर से ले जाए गए तीन मोबाइलों में से एक बायपास पर कचरे के ढेर के पास मिला है। पुलिस जल्द ही बदमाशों को पकडऩे की बात कह रही है।

Related Articles

Latest News