जबलपुर। दमोह के सिलापुरी के जंगल में महुआ बीन रहे युवक रामचरण आदिवासी पर भालू ने अचानक हमला कर दिया, हमले में युवक के शरीर पर गंभीर चोटें आई है। जिसकी हालत को देखते हुए परिजनों ने जबलपुर के मेडिकल अस्पताल में भरती कराया है। जहां पर हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है।
बताया गया है कि ग्राम सिलापुरी निवासी रामचरण पिता मनोहर आदिवासी उम्र 32 वर्ष गांव के अन्य युवकों के साथ जंगल में दोपहर एक बजे के लगभग महुआ बीनने गया था। जहां पर सभी लोग अलग अलग जगह पर महुआ बीन रहे थे, इस दौरान भालू ने रामचरण पर हमला कर दिया।
हमला होते ही रामचरण चीख पड़ा, शोर सुनकर साथी दौड़कर पहुंचे तो देखा कि भालू, रामचरण को घसीटते हुए ले जा रहा है। लोगों ने पथराव करते हुए रामचरण को भालू के चंगुल से बचाकर स्थानीय स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाया। जहां पर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर मेडिकल अस्पताल रेफर किया गया।
जहां पर रामचरण की हालत को देखते हुए भरती कर लिया गया है। यहां पर रामचरण की हालत गंभीर बनी हुई है, डाक्टरों की टीम रामचरण के इलाज में जुटी हुई है।











