Thursday, April 23, 2026
Homeमध्य प्रदेशजबलपुर रेल मंडल ने स्क्रैप से कमा डाले 111 करोड़ रुपये से...

जबलपुर रेल मंडल ने स्क्रैप से कमा डाले 111 करोड़ रुपये से अधिक,पमरे में रहा अव्वल

जबलपुर। जबलपुर रेल मंडल ने वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान स्क्रैप (कबाड़) निपटान के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए रेलवे बोर्ड द्वारा निर्धारित लक्ष्यको पार कर लिया है।

मंडल द्वारा ई-नीलामी के माध्यम से कुल 111.21 करोड़ रुपयों की आय अर्जित की गई, जो निर्धारित 110.00 करोड़ के लक्ष्य से अधिक है। यह उपलब्धि पारदर्शी ई-नीलामी प्रक्रिया, कुशल संसाधन प्रबंधन तथा रेलवे परिसंपत्तियों के इष्टतम उपयोग के प्रति मंडल की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

इसके अतिरिक्त, स्वच्छता विशेष अभियान 5.0 के अंतर्गत स्क्रैप निपटान में जबलपुर मंडल ने पश्चिम मध्य रेलवे में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया है।

पमरेकी कुल 51.70 करोड़ रुपये की स्क्रैप बिक्री में जबलपुर मंडल का योगदान 17.76 करोड़ रुपये रहा, जो कुल बिक्री का 34.35 प्रतिशत है। यह योगदान पमरे की सभी इकाइयों में सर्वाधिक है।

यह उत्कृष्ट प्रदर्शन मंडल द्वारा स्वच्छता को बढ़ावा देने, अनुपयोगी एवं अप्रचलित सामग्रियों के समयबद्ध निपटान, रेलवे परिसरों में मूल्यवान स्थान की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा सतत संपत्ति प्रबंधन को सुदृढ़ करने के लिए किए गए प्रभावी प्रयासों को प्रतिबिंबित करता है।

जबलपुर मंडल भविष्य में भी इसी प्रकार की पारदर्शी, पर्यावरण-संवेदनशील एवं परिणामोन्मुखी कार्यप्रणाली को अपनाते हुए रेलवे के समग्र विकास में अपना योगदान देता रहेगा।

Related Articles

Latest News