Thursday, June 18, 2026
Homeराष्ट्रीयNEET अभ्यर्थियों के लिए रेलवे का विशेष अलर्ट, जबलपुर मंडल में ट्रेनें...

NEET अभ्यर्थियों के लिए रेलवे का विशेष अलर्ट, जबलपुर मंडल में ट्रेनें समय पर चलाने की तैयारी

NEET : 21 जून को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) को देखते हुए पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर मंडल ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं. बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के विभिन्न परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने की संभावना को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने ट्रेनों की समयपालनता सुनिश्चित करने और स्टेशनों पर विशेष भीड़ प्रबंधन व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए हैं.

जबलपुर मंडल के अंतर्गत जबलपुर, रीवा, सतना, सागर और दमोह प्रमुख परीक्षा केंद्र हैं, जहां कुल 22,668 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे. इनमें सबसे अधिक 10,441 परीक्षार्थी जबलपुर में परीक्षा देंगे. अभ्यर्थियों की बढ़ती आवाजाही को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने स्टेशन परिसरों, प्लेटफार्मों तथा प्रवेश-निकास द्वारों पर अतिरिक्त निगरानी और व्यवस्था सुनिश्चित की है.

NEET :  वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. मधुर वर्मा के अनुसार परीक्षा दिवस पर जबलपुर से प्रारंभ और समाप्त होने वाली ट्रेनों को समय पर संचालित करने पर विशेष जोर रहेगा. साथ ही जबलपुर, रीवा, सतना, सागर और दमोह से गुजरने वाली अन्य ट्रेनों की समयपालनता भी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े.

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों के मार्गदर्शन के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती, सहायता डेस्क, पूछताछ केंद्र और लगातार उद्घोषणाओं की व्यवस्था की है. पेयजल, बैठने की सुविधा, पंखे और खानपान सेवाओं को भी बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं. सुरक्षा व्यवस्था के लिए रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं.

रेल प्रशासन ने अभ्यर्थियों से समय से पहले स्टेशन पहुंचने, रेलवे कर्मचारियों के निर्देशों का पालन करने और सुरक्षित यात्रा के लिए सहयोग करने की अपील की है. साथ ही चलती ट्रेन में चढ़ने-उतरने से बचने और किसी भी प्रकार की भगदड़ जैसी स्थिति से दूर रहने की सलाह दी गई है.

Related Articles

Latest News