MP Weather : मध्य प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। नौतपा और भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को अब बारिश और ठंडी हवाओं से बड़ी राहत मिल रही है। राजधानी भोपाल, इंदौर, उज्जैन समेत प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश का दौर शुरू हो गया है।
मौसम केंद्र भोपाल के अनुसार, पिछले 24 घंटों में भोपाल, उज्जैन, ग्वालियर और नर्मदापुरम संभाग में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जबकि जबलपुर, इंदौर, सागर, रीवा, शहडोल और चंबल संभाग के कई क्षेत्रों में भी बादलों ने जमकर मेहरबानी दिखाई। मौसम विभाग ने 19 जून को पूरे प्रदेश में तेज हवाएं चलने, बिजली गिरने और बारिश होने की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है। विभाग ने किसानों और आम नागरिकों को सतर्क रहने तथा खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।
MP Weather : आज का मौसम कैसा रहेगा
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 19 जून को सूबे के ज्यादातर हिस्सों में मौसम का रुख कड़ा रह सकता है. खासकर राजगढ़ और अशोकनगर जिलों में स्थिति ज्यादा संवेदनशील रहेगी. यहाँ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झंझावाती हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है.
इसके साथ ही भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, ग्वालियर, सागर, गुना, शिवपुरी, धार और होशंगाबाद जैसे प्रमुख शहरों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से अंधड़ चल सकता है. राजधानी भोपाल और आस-पास के इलाकों में दोपहर या शाम के समय आंशिक रूप से बादल छाए रहने और हल्की बौछारें पड़ने की उम्मीद है.
MP Weather : कई जिलों में चलेगीं तेज रफ्तार से आंधी
पिछले 24 घंटों के दौरान अशोकनगर में सबसे तेज 56 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चली. इसके बाद सागर में 54 किमी, राजगढ़-आगर में 50 किमी और इंदौर में 46 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं. विदिशा, श्योपुर और बुरहानपुर में धूलभरी आंधी का असर रहा.
अगर बारिश की बात करें, तो देवास के हटपिपल्या में सबसे ज्यादा 37 मिलीमीटर पानी गिरा. सुल्तानपुर में 31.4 मिमी, सोनकच्छ में 29 मिमी और भोपाल शहर में 13.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई.
MP Weather : कहीं बारिश से मिलेगी राहत तो कहीं सताएगी गर्मी
ठंडी हवाओं और बारिश के कारण नर्मदापुरम और चंबल संभागों में अधिकतम तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है. बैतूल में सबसे कम 26.5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा. हालांकि, छतरपुर का खजुराहो 41.4 डिग्री सेल्सियस के साथ अब भी सूबे में सबसे गर्म रहा. दतिया में पारा 41.2 डिग्री और ग्वालियर में 39.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
रात के तापमान पर नजर डालें तो धार जिला 22.6 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा रहा, जबकि खजुराहो में रात का न्यूनतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सबसे गर्म रात रही











