नई दिल्ली: इंग्लैंड को करारी शिकस्त देकर अंडर-19 वर्ल्ड कप का खिताब जीतने वाली भारतीय टीम के लिए BCCI ने इनामों की बरसात कर दी है। कप्तान आयुष म्हात्रे के नेतृत्व में शानदार प्रदर्शन करने वाली टीम को बोर्ड ने 7.5 करोड़ रुपये की प्राइज मनी देने का ऐलान किया है। दुनिया के सबसे अमीर क्रिकेट बोर्डों में शामिल बीसीसीआई ने अपने उभरते सितारों की मेहनत और जज्बे को सलाम किया है।
दिग्गजों ने दी बधाई, क्रिकेट जगत में खुशी की लहर
भारतीय टीम की ऐतिहासिक जीत पर पूरे क्रिकेट जगत ने खुशी जताई। महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर, पूर्व कप्तान विराट कोहली, मौजूदा हेड कोच गौतम गंभीर समेत कई दिग्गजों ने टीम को बधाई दी। 2008 में अपनी कप्तानी में भारत को अंडर-19 वर्ल्ड कप जिताने वाले कोहली ने सोशल मीडिया पर युवा खिलाड़ियों की जमकर तारीफ की।
पूर्व स्पिनर आर अश्विन ने भी इस जीत को यादगार करार दिया।
वैभव सूर्यवंशी की ऐतिहासिक पारी
टीम इंडिया की जीत के नायक रहे 14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी। उन्होंने सेमीफाइनल में अफगानिस्तान के खिलाफ अर्धशतक जड़ा और फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 80 गेंदों में 175 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर इतिहास रच दिया। इस पारी में उन्होंने 15 छक्के और 15 चौके लगाए।
भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट पर 411 रन बनाए और इंग्लैंड को 100 रन से मात दी। वैभव को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द फाइनल’ और ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ चुना गया।
दबाव से दूर रहकर मिली सफलता
मैच के बाद वैभव सूर्यवंशी ने कहा कि टीम ने फाइनल में किसी भी तरह का अनावश्यक दबाव नहीं लेने का फैसला किया था, और यही रणनीति जीत की सबसे बड़ी वजह बनी।
वहीं कप्तान आयुष म्हात्रे ने कहा कि अंडर-19 टीम रोहित शर्मा और हरमनप्रीत कौर जैसे खिलाड़ियों की विरासत को आगे बढ़ाना चाहती थी। रोहित शर्मा ने 2024 में भारत को टी-20 वर्ल्ड कप जिताया था, जबकि हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय महिला टीम ने पिछले साल अपना पहला विश्व कप जीता।











