Saturday, June 20, 2026
Homeराष्ट्रीयLIVE Accident : कीर्तन के दौरान मौत का मंजर! हनुमान मंदिर का...

LIVE Accident : कीर्तन के दौरान मौत का मंजर! हनुमान मंदिर का मंडप गिरा, 5 की मौत

LIVE Accident : मानवत तहसील के प्रसिद्ध यशवाड़ी मारुति मंदिर में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कीर्तन कार्यक्रम के दौरान मंदिर के सामने बन रहा निर्माणाधीन सभा मंडप अचानक भरभराकर श्रद्धालुओं पर गिर पड़ा। हादसे में शुरुआती जानकारी के अनुसार 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 से 40 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और राहत-बचाव दल तुरंत सक्रिय हो गए। प्रशासन, पुलिस और स्थानीय लोग युद्धस्तर पर बचाव कार्य में जुटे हैं, वहीं घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया है।

कीर्तन के दौरान हुआ हादसा, मची चीख-पुकार

शनिवार का दिन होने के कारण यशवाड़ी मारुति (हनुमान) मंदिर में भगवान के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी थी. मंदिर परिसर में कीर्तन सहित कई अन्य धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन चल रहा था, जिसके लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस निर्माणाधीन सभा मंडप के नीचे बैठे हुए थे. कार्यक्रम सुचारू रूप से चल रहा था कि तभी अचानक मंडप की छत ताश के पत्तों की तरह ढह गई. पलक झपकते ही वहां चीख-पुकार मच गई और मौके पर मौजूद नागरिकों ने तुरंत अपने स्तर पर मलबा हटाकर लोगों को बचाने का काम शुरू कर दिया.

घायलों से भरे अस्पताल, मौतों का आंकड़ा बढऩे का डर

इस भीषण दुर्घटना में कई श्रद्धालुओं के गंभीर रूप से घायल होने की खबर है. आनन-फानन में घायलों को इलाज के लिए आर.पी. अस्पताल और आसपास के अन्य चिकित्सा केंद्रों में भर्ती कराया गया है. हालांकि, प्रशासन की ओर से अभी तक घायलों की सटीक संख्या को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. घटनास्थल के जो भयानक वीडियो और तस्वीरें सामने आ रही हैं, उन्हें देखते हुए हादसे में मरने वालों की संख्या बढऩे की गंभीर आशंका जताई जा रही है.

युद्ध स्तर पर चल रहा है रेस्क्यू ऑपरेशन

हादसे की भनक लगते ही जिला प्रशासन, भारी पुलिस बल और राहत-बचाव दल की टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गईं. प्रशासन ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर ली है और मलबे में दबे लोगों की जान बचाने के लिए युद्ध स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है. मलबे को हटाने के लिए भारी मशीनों का भी इस्तेमाल हो रहा है और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाने के लिए एम्बुलेंस की विशेष व्यवस्था की गई है. वरिष्ठ अधिकारी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और पल-पल का अपडेट लिया जा रहा है.

Related Articles

Latest News