Homeमध्य प्रदेशMP Weather Update: मानसून ने पकड़ी रफ्तार ,झमाझम बारिश के साथ वज्रपात...

MP Weather Update: मानसून ने पकड़ी रफ्तार ,झमाझम बारिश के साथ वज्रपात का खतरा

MP Weather Update: मध्य प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है और पूरे प्रदेश में बारिश का दौर तेज हो गया है। बीते 24 घंटों में कई जिलों में झमाझम बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली और तापमान में उल्लेखनीय गिरावट आई। मौसम केंद्र भोपाल के अनुसार, अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से लगातार आ रही नमी के चलते प्रदेशभर में मानसूनी बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने 2 जुलाई को भी राज्य के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश, तेज बौछारें और वज्रपात की चेतावनी जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
MP Weather Update: लगभग सभी शहरों में मानसून रहा मेहरबान
पिछले एक दिन में राज्य के नर्मदापुरम और ग्वालियर संभागों में लगभग सभी जगहों पर पानी गिरा है. इसके अलावा भोपाल, चंबल, रीवा, जबलपुर और शहडोल संभागों में भी अनेक स्थानों पर मानसून मेहरबान रहा. आंकड़ों की बात करें तो देवास जिले के खातेगांव में सबसे ज्यादा 115.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. सीहोर के आष्टा में 109.0 मिमी, पचमढ़ी में 88.4 मिमी, बीरसिंहपुर में 85.6 मिमी, सतवास में 84.0 मिमी, उदयनगर में 80.0 मिमी और बालाघाट में 79.0 मिमी बारिश हुई है. वहीं राजधानी भोपाल में भी 35.2 मिमी पानी गिरा है, जिससे मौसम खुशनुमा हो गया है.

आज भी भारी बारिश के साथ बिजली गिरने के आसार
इन जिलों में होगी व्यापक बारिश: नर्मदापुरम, हरदा, बैतूल, खंडवा, बुरहानपुर, देवास, सिवनी, छिंदवाड़ा, बालाघाट और पांढुर्णा जिलों में अनेक स्थानों पर गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ेंगी.

यहां भी बरसेंगे बादल: भोपाल, इंदौर, रायसेन, सीहोर, खरगोन, बड़वानी, धार, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, जबलपुर, नरसिंहपुर, मंडला और सागर जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा की उम्मीद है.

कई इलाकों में मेघों के कम बरसने का अंदाजा –
इन इलाकों में हल्की बौछारों के आसार: विदिशा, राजगढ़, अलीराजपुर, झाबुआ, रतलाम, उज्जैन, शाजापुर, आगर, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुरकलां, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, कटनी, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी और मैहर जिलों में कहीं-कहीं हल्की वर्षा या बूंदाबांदी हो सकती है.

मौसम वैज्ञानिकों ने भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर सहित लगभग सभी प्रमुख जिलों में तेज आंधी-तूफान (40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं) और आकाशीय बिजली चमकने का यलो अलर्ट जारी किया है. राजधानी भोपाल में आसमान मुख्य रूप से बादलों से घिरा रहेगा और 12-14 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलेंगी. भोपाल का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.

कहां कितनी रही गर्मी और ठंडक
बारिश के चलते राज्य के अधिकांश हिस्सों में दिन और रात के तापमान में 2 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की भारी गिरावट देखी गई है. हालांकि, उत्तरी मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में अब भी तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है.

कई शहरों में गर्मी ने सताया

प्रदेश में इस समय सबसे ज्यादा तपिश ग्वालियर जिले में है, जहाँ अधिकतम तापमान 40.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. श्योपुर में पारा 39.0 डिग्री, टीकमगढ़ में 38.5 डिग्री, नरसिंहपुर में 38.4 डिग्री और छतरपुर के खजुराहो में 38.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके उलट सबसे ठंडे दिनों का अनुभव बैतूल (26.2 डिग्री), सिवनी (27.0 डिग्री), छिंदवाड़ा (28.2 डिग्री), पचमढ़ी (28.2 डिग्री) और दमोह (28.4 डिग्री) में किया गया.

कई शहरों में रात के समय काफी ठंडक रही –

रात के समय लोगों को खासी ठंडक महसूस हो रही है. पूरे प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान खंडवा जिले में 20.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके बाद खरगोन और पचमढ़ी में न्यूनतम पारा 20.6 डिग्री, बैतूल में 21.8 डिग्री, भोपाल और शिवपुरी में 22.0 डिग्री तथा गुना में 22.2 डिग्री सेल्सियस रहा. वहीं, नीमच के मरुखेड़ा में सबसे गर्म रात रही जहां न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री दर्ज हुआ. इसके अलावा श्योपुर, उमरिया और ग्वालियर में 26.4 डिग्री तथा बड़वानी के तालुन में 26.3 डिग्री न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया.

Related Articles

Latest News