Railway : रेलवे ने ग्वालियर और रीवा के बीच यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। यह विशेष ट्रेन 8 जुलाई से 25 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार संचालित होगी और इस दौरान कुल 20-20 फेरे लगाएगी। इस सेवा से ग्वालियर, झांसी, महोबा, बांदा, चित्रकूटधाम और रीवा के बीच सफर करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सीटों के साथ अधिक सुविधाजनक और सुगम यात्रा का लाभ मिलेगा।
Railway : समय-सारणी और रूट इस प्रकार रहेगा
रेलवे के अनुसार, ट्रेन क्रमांक 04191 ग्वालियर-रीवा स्पेशल प्रत्येक बुधवार सुबह 7:40 बजे ग्वालियर से रवाना होगी. यह डबरा, दतिया, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, निवाड़ी, मऊरानीपुर, हरपालपुर, महोबा, बांदा, अतर्रा, चित्रकूटधाम कर्वी, टिकरिया, मझगवां, जैतवार और कैमा होते हुए शाम 7:40 बजे रीवा पहुंचेगी.
वापसी में ट्रेन क्रमांक 04192 रीवा-ग्वालियर स्पेशल प्रत्येक बुधवार रात 9:00 बजे रीवा से रवाना होगी और अगले दिन सुबह 9:40 बजे ग्वालियर पहुंचेगी. यह ट्रेन भी दोनों दिशाओं में सभी निर्धारित स्टेशनों पर ठहरेगी.
आधुनिक 22 lhb कोचों के साथ होगी संचालित
रेलवे ने इस स्पेशल ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए कुल 22 एलएचबी कोच लगाए हैं. इनमें सात स्लीपर, चार एसी थ्री टियर, तीन एसी थ्री टियर इकोनॉमी, दो एसी टू टियर, चार सामान्य द्वितीय श्रेणी तथा एक दिव्यांगजन एवं लगेज कोच शामिल हैं. ये ट्रेन एलएचबी कोचों के साथ संचालित होगी.











