Thursday, July 16, 2026
Homeराष्ट्रीयRailway में निकली सेक्शन कंट्रोलर भर्ती, आवेदन प्रक्रिया शुरू; जानिए परीक्षा का...

Railway में निकली सेक्शन कंट्रोलर भर्ती, आवेदन प्रक्रिया शुरू; जानिए परीक्षा का नया पैटर्न

Railway : रेलवे में सरकारी नौकरी का सपना देख रहे युवाओं के लिए शानदार अवसर है। रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) ने सेक्शन कंट्रोलर के 119 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 15 जुलाई 2026 से शुरू हो चुकी है, जबकि इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी 14 अगस्त 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। रेलवे में करियर बनाने की इच्छा रखने वाले उम्मीदवारों के लिए यह सुनहरा मौका है, इसलिए निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन करना जरूरी होगा।

आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे. इस भर्ती में 20 से 33 वर्ष आयु के अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं. अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग को अधिकतम आयु सीमा में पांच वर्ष तथा अन्य पिछड़ा वर्ग को तीन वर्ष की छूट मिलेगी. यह पे लेवल-6 का पद है, जिसमें शुरुआती वेतन 35,400 रुपये निर्धारित किया गया है. इसके लिए एल-2 मेडिकल स्टैंडर्ड अनिवार्य रखा गया है.

सेक्शन कंट्रोलर के पदों पर निकाली भर्तियां –

रेलवे ने पिछले वर्ष भी सेक्शन कंट्रोलर के पदों पर भर्ती निकाली थी. उस समय कुल 368 रिक्तियां थीं, जबकि इस बार पदों की संख्या घटकर 119 रह गई है. इसके बावजूद भर्ती प्रक्रिया तय कार्यक्रम के अनुसार पूरी की जाएगी और पात्र अभ्यर्थियों को आवेदन का अवसर मिलेगा.

ऐसे होगी चयन प्रक्रिया

भर्ती प्रक्रिया में उम्मीदवारों को एक चरण की कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी), सीबैट, दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल परीक्षण से गुजरना होगा. सीबीटी के प्रदर्शन के आधार पर रिक्तियों के मुकाबले आठ गुना अभ्यर्थियों को सीबैट के लिए चुना जाएगा. अंतिम चयन निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद किया जाएगा.

सीबीटी में केवल मैथ्स और रीजनिंग

इस भर्ती की लिखित परीक्षा में सामान्य ज्ञान और अंग्रेजी से कोई प्रश्न नहीं पूछा जाएगा. सीबीटी में कुल 100 प्रश्न होंगे, जिन्हें हल करने के लिए 120 मिनट का समय मिलेगा. परीक्षा में 60 अंक के एनालिटिकल एवं मैथ्स, 20 अंक के लॉजिकल कैपेबिलिटी और 20 अंक के मेंटल रीजनिंग से प्रश्न शामिल होंगे.

ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया

इच्छुक उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं. आवेदन के दौरान नाम, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी और अन्य आवश्यक जानकारी भरनी होगी. इसके बाद जन्म प्रमाणपत्र सहित जरूरी दस्तावेजों की स्कैन कॉपी अपलोड करनी होगी. शुल्क जमा करने के बाद आवेदन फॉर्म सबमिट कर उसका प्रिंट सुरक्षित रखना होगा.

टेक्नीशियन भर्ती के आवेदन भी जारी

रेलवे में तकनीशियन ग्रेड-1 (सिग्नल) और तकनीशियन ग्रेड-3 के कुल 6557 पदों पर आवेदन प्रक्रिया भी जारी है. इसके लिए आवेदन की अंतिम तिथि 29 जुलाई 2026 तय की गई है. आवेदन फॉर्म में संशोधन 1 अगस्त से 10 अगस्त के बीच किया जा सकेगा. इस भर्ती में भी पहले की तरह केवल एक कंप्यूटर आधारित परीक्षा आयोजित की जाएगी.

Related Articles

Latest News