Environment : जबलपुर। पर्यावरण संरक्षण केवल एक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का आधार है। प्रत्येक व्यक्ति यदि प्रकृति के संरक्षण के लिए छोटे-छोटे प्रयास भी करे, तो पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में बड़ी भूमिका निभाई जा सकती है। यह बात मध्य प्रदेश विद्युत महिला मंडल एवं बालक मंदिर हायर सेकेंडरी स्कूल रामपुर की अध्यक्ष डॉ. अंजना तिवारी ने पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम के दौरान कही।
मध्य प्रदेश विद्युत महिला मंडल द्वारा संचालित बालक मंदिर हायर सेकेंडरी स्कूल, रामपुर में बच्चों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. अंजना तिवारी तथा शाला प्रबंध समिति के पदाधिकारियों द्वारा पौधारोपण कर किया गया।
इस अवसर पर हरे रंग को समृद्धि, हरियाली और सद्भावना का प्रतीक बताते हुए विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में के.जी. विभाग के नन्हे विद्यार्थियों ने हरे-हरे परिधानों में लघुनाटिका, “पेड़ लगाओ, जीवन बचाओ” विषयक प्रस्तुति तथा कविता पाठ के माध्यम से सभी का मन मोह लिया।
इसके साथ ही प्राइमरी, मिडिल, हाई एवं हायर सेकेंडरी विभाग के विद्यार्थियों ने ड्राइंग, निबंध, पोस्टर एवं स्लोगन प्रतियोगिताओं के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और हरित जीवन शैली का संदेश दिया। विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रस्तुतियों ने प्रकृति संरक्षण के प्रति उनकी संवेदनशीलता और जागरूकता को प्रदर्शित किया।
अपने संबोधन में डॉ. अंजना तिवारी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की भावना बचपन से विकसित करना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी देखभाल करने तथा पर्यावरण को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में शाला प्रबंधक वंदना गायकवाड़,शाला की प्राचार्या शशिकिरण श्रीवास्तव,महिला मंडल की कोषाध्यक्ष भारती वर्मा, शिक्षिकाएँ एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।








