MP: मध्य प्रदेश में बस से सफर करने वाले यात्रियों को अब अधिक किराया चुकाना होगा। राज्य शासन के परिवहन विभाग ने बसों के संशोधित किराए का राजपत्र जारी कर नई दरें लागू कर दी हैं। इसके तहत प्रदेश में संचालित स्टेज कैरिज (मंजिली) बसों के लिए अधिकतम यात्री किराया तय किया गया है। नई व्यवस्था के अनुसार सामान्य बसों का मूल किराया अब ₹2 प्रति यात्री प्रति किलोमीटर होगा, जबकि न्यूनतम टिकट किराया ₹10 निर्धारित किया गया है। इस फैसले से रोजाना बसों से यात्रा करने वाले लाखों यात्रियों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।
तय किया गया नया किराया
नई किराया व्यवस्था के तहत बसों की विभिन्न श्रेणियों के लिए अलग-अलग दरें निर्धारित की गई हैं। सामान्य बसों का मूल किराया ₹2 प्रति यात्री प्रति किलोमीटर (न्यूनतम ₹10) तय किया गया है। रात्रिकालीन बस सेवा में यात्रियों को सामान्य किराए से 10 प्रतिशत अधिक भुगतान करना होगा। वहीं नॉन एसी डीलक्स बसों का किराया सामान्य बसों की तुलना में 25 प्रतिशत, स्लीपर बसों का 40 प्रतिशत, एसी डीलक्स बसों का 50 प्रतिशत और एसी सुपर लग्जरी कोच का किराया 75 प्रतिशत अधिक निर्धारित किया गया है। नई दरें लागू होने के बाद सामान्य से लेकर लग्जरी बसों तक सभी श्रेणियों में यात्रा महंगी हो जाएगी।
इन सेवाओं पर नहीं लगेगा अतिरिक्त शुल्क
परिवहन विभाग ने यात्रियों को कुछ राहत भी दी है। नई किराया व्यवस्था के अनुसार डीलक्स, स्लीपर और लग्जरी श्रेणी की बसों में सफर करने वाले यात्रियों से किसी भी प्रकार का अतिरिक्त नाइट चार्ज नहीं लिया जाएगा। इसके अलावा एक्सप्रेस बस सेवाओं पर भी अलग से कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं वसूला जाएगा। यानी इन श्रेणियों की बसों में यात्रियों को केवल निर्धारित किराया ही देना होगा, रात में यात्रा करने या एक्सप्रेस सेवा का उपयोग करने पर कोई अतिरिक्त भार नहीं पड़ेगा।








